पार्षद एवं राजस्व सभापति अमृता मनीष ठाकुर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखा पत्र
इटारसी। नगर पालिका परिषद की वार्ड 13 की पार्षद एवं राजस्व समिति की सभापति अमृता मनीष ठाकुर ने नगर के महत्वपूर्ण जनहित और राजस्व संबंधी विषयों पर चर्चा एवं निर्णय के लिए परिषद का व्यापक सम्मेलन बुलाने की मांग की है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को संबोधित पत्र में आठ विषयों को सम्मेलन की कार्यसूची में शामिल करने का आग्रह किया है।
पत्र में इन विषयों को बनाया मुद्दा
सभापति अमृता ठाकुर ने आबादी भूमि के नामांतरण, उत्तराधिकार एवं पारिवारिक व्यवस्थापन के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के अनुरूप पेयजल व्यवस्था की समीक्षा आवश्यक है। प्रदूषित पेयजल की शिकायतों पर पानी के नमूनों की जाँच, पाइपलाइन की मरम्मत और टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। पत्र में संपत्ति कर की विसंगतियों के समाधान के लिए वार्डवार शिविर लगाने, राजस्व विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति तथा सफाई कर्मचारियों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा का प्रस्ताव भी रखा गया है।

छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी का ध्यान रखा जाए
दशहरा एवं रामलीला के दौरान गांधी मैदान और सूखा सरोवर सहित आयोजन स्थलों पर अस्थायी दुकानों के आवंटन के संबंध में अमृता ठाकुर ने कहा कि आवंटन प्रक्रिया, शुल्क और उपलब्ध सुविधाओं का विवरण परिषद के समक्ष रखा जाए। छोटे दुकानदारों एवं हाथठेला व्यवसायियों की सीमित आय को ध्यान में रखते हुए परिषद को विश्वास में लेकर पारदर्शी और सहमति आधारित व्यवस्था तय की जाए। उन्होंने न्यास कॉलोनी के लंबित प्रकरणों, नागरिक समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं पर विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत कर समाधान की समयसीमा तय करने की मांग भी की है। सभापति ठाकुर ने आग्रह किया कि सम्मेलन से पहले संबंधित अभिलेख, लंबित प्रकरणों का विवरण और प्रस्तावित कार्ययोजना सभी पार्षदों को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और सामूहिक चर्चा से नागरिकों की समस्याओं पर ठोस एवं समयबद्ध निर्णय लिए जा सकेंगे।