सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम
इटारसी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेक्टर 2, केंद्र क्रमांक 106 और वार्ड क्रमांक 7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को फल, टॉफी एवं पेंसिल वितरित की गईं। पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया ने बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं दैनिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने, स्वच्छता का ध्यान रखने तथा अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
संतुलित आहार के महत्व पर दी जानकारी
कार्यक्रम में बच्चों के पालकों को पोषण आहार के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार को आवश्यक बताते हुए पालकों से बच्चों के भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों को शामिल करने की अपील की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं उनके परिवारों को मिलने वाली विभिन्न सेवाओं और पोषण संबंधी जागरूकता की जानकारी भी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं में सक्रिय भूमिका निभाने वाली कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया एवं साधना योगी, मुमताज बी सहित अन्य अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आरती वानखेड़े, गुलाव बाई वर्मा, कविता मैथिल, सहायिका शिवानी कैथवास, सरला मेहरा एवं लबीना बाबरिया को सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के प्रारंभिक विकास और परिवारों में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आंगनबाड़ी परिसर में पौधारोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं वार्डवासियों ने पौधों की देखभाल करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में मुमताज बी, ममता कैथवास, पुष्पा ठाकुर, लता अहिरवार, ऋतु श्रीवास्तव, आशा चौहान सहित अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।
