–इटारसी में AIGC की मंडल स्तरीय वार्षिक बैठक संपन्न
-ट्रेन मैनेजर्स की समस्याओं, ट्रेन एवं क्रू बैलेंसिंग, पदोन्नति एवं नई ट्रेन लिंक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा

इटारसी। ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल यानी AIGC की मंडल स्तरीय वार्षिक बैठक का आयोजन ईश्वर रेस्टोरेंट सभागृह में किया गया।जिसमें भोपाल मंडल के समस्त ट्रेन मैनेजर्स ने सहभागिता करते हुए संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल सचिव धर्मवीर सिंह एवं जोनल सचिव मनीष वैद्य उपस्थित रहे। बैठक में रेलवे परिचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
ट्रेन बैलेंसिंग और इटारसी में एकल लॉबी पर चर्चा
बैठक में ट्रेन बैलेंसिंग, गुड्स ट्रेन मैनेजरों की समस्याओं, इटारसी में एकल लॉबी की व्यवस्था तथा ट्रेन संचालन को अधिक सुगम बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए गए। इटारसी, भोपाल एवं अन्य संबंधित केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नई ट्रेनों के लिंक एवं निर्धारण की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।केंद्रीय कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार ने आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके साथ ही 50:50 प्रतिशत कैडर रिस्ट्रक्चरिंग के अंतर्गत पदोन्नति में हो रही देरी, पैसेंजर ट्रेन में पदोन्नति पर मिलने वाले इंक्रीमेंट, ब्रेक वैन में होने वाली समस्याओं से जुड़े विषय तथा गुड्स ट्रेन मैनेजर्स से कराए जा रहे मल्टीपल वर्किंग जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मंडल सचिव ने मल्टीपल वर्किंग की समस्या के समाधान एवं इसे भविष्य में बंद कराने की दिशा में पूर्ण प्रयास करने का आश्वासन दिया। महिला ट्रेन मैनेजर्स ने भी बैठक में अपनी समस्याएँ रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुना गया। इन समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों के समक्ष विषय रखने की बात कही गई।
अधिकारियों का स्वागत एवं विदाई समारोह
बैठक के दौरान नवनियुक्त एरिया मैनेजर नरेश शर्मा का स्वागत किया गया। वहीं पूर्व एरिया मैनेजर जगन्नाथ मीना को भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित सदस्यों ने दोनों अधिकारियों के प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। मंडल अध्यक्ष जे. पी. रॉय ने इटारसी से भोपाल स्थानांतरित की गई पूर्व में संचालित दुरंतो एवं राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने भविष्य में वंदे भारत अथवा इसी प्रकार की नई ट्रेनों के संचालन की स्थिति में इटारसी डिपो को प्राथमिकता दिलाने के प्रयासों की बात कही।
क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
15 अगस्त को AIGC द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को बैठक में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रथम पुरस्कार शरद सतपाल मेल ट्रेन मैनेजर इटारसी एवं गुड्स ट्रेन मैनेजर देवेंद्र यादव को संयुक्त रूप से दिया गया। द्वितीय पुरस्कार विनय गुप्ता भोपाल तथा तृतीय पुरस्कार धर्मवीर यादव बीना ने प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही, भविष्य में कर्मचारियों के ज्ञानवर्धन, संगठनात्मक सहभागिता एवं सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएँ बनाने पर भी विचार किया गया।
कर्मचारी हित में संघर्ष का संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी ट्रेन मैनेजरों ने एकजुट होकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, बेहतर कार्य वातावरण एवं रेलवे परिचालन में समन्वय बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। संगठन ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन इटारसी शाखा सचिव सुनील कुमार चौहान ने किया। उनके कुशल मंच संचालन की मंडल अध्यक्ष द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन जितेंद्र चौरसिया द्वारा सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित समस्त ट्रेन मैनेजरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।