इटारसी। रेलवे स्टेशन रोड सोमवार सुबह एक बार फिर खून से लाल हो गई। स्टेशन के बाहर का पूरा इलाका इस घटना से दहशत में आ गया। गुरुद्वारा भवन के ठीक सामने दो बदमाशों ने अपने ही परिचित एक साथी के साथ मौत का ख़ूनी खेल खेला। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि जिस युवक की जान ली गई उसे मारने वाले दोनों आरोपी अपने ही साथ बाइक पर बैठाकर स्टेशन तरफ से लाये थे। इसके बाद शराब के पैसों की बात को लेकर हुए विवाद में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े 35 वर्षीय मजदूर साथी को चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। दिल दहला देने वाली यह पूरी खूनी वारदात गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दो अज्ञात हमलावर युवक पर ताबड़तोड़ वार करते और फिर खुलेआम हथियार लहराते हुए फरार होते साफ नजर आ रहे हैं।
पुलिस का डर खत्म, अपराधी बेलगाम
इस खौफनाक वारदात ने इटारसी में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं और लोगों को खौफ में जीने पर मजबूर कर दिया है। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण अपराधी बेलगाम हो गए हैं। गुरुद्वारा और स्टेशन रोड का यह इलाका अब अपराधियों का सेफ जोन बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी इसी इलाके से एक संदिग्ध लाश बरामद हुई थी। अब तक यहां चाकूबाजी की एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों और रहवासियों में भारी दहशत है। इससे पहले एक कपड़ा व्यापारी को दिनदहाड़े चाकू मारे गए थे। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस बोली, तीनों परिचित थे
एसडीओपी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह दो युवक स्टेशन की तरफ गए थे, जहां उन्हें विक्रम मिला। तीनों परिचित थे और गाड़ी से एक साथ वापस लौटे। ऐसा माना जा रहा है कि शराब पीने के पैसों को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जिसमें गुलशन नामक युवक ने विक्रम पर चाकू से वार कर दिया। मृतक को जांघ और पेट पर दो वार लगे। वारदात के बाद गुलशन और उसका साथी सनी वहां से भाग गए। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर विक्रम को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है। एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और इनमें से एक आरोपी कल रात ही शराब के एक मामले में पकड़ा गया था, जिसकी आज सुबह ही जमानत हुई थी।

