मुस्कान बालिका गृह में पुष्पवर्षा और स्वागत गीत से हुआ यात्रा दल का अभिनंदन
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने मुस्कान संस्था के सेवा कार्यों की सराहना की
इटारसी। सेवा, समर्पण और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर बड़नगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा पर निकले सेवा संकल्प अभियान के युवाओं का इटारसी पहुंचने पर आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रा दल के सदस्यों का इटारसी स्थित साईं कृष्णा रिसॉर्ट में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया तथा अभियान के उद्देश्यों पर संवाद किया। इसके पश्चात यात्रा दल मुस्कान बालिका गृह पहुंचा। यहां संस्था की बालिकाओं ने पुष्पवर्षा कर और मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर यात्रियों का आत्मीय अभिनंदन किया। बालिकाओं की भावपूर्ण प्रस्तुति एवं उत्साह ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया। यात्रा की अगवानी एवं स्वागत के अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, जिला महामंत्री ज्योति चौरे, मयंक चौरे और गोकुल पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
निराश्रित बच्चों की है मुस्कान संस्था–डॉ सीतारसन शर्मा
इस अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने यात्रा दल को मुस्कान संस्था की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुस्कान संस्था लंबे समय से निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण, देखभाल, शिक्षा और पुनर्वास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण सेवा है। मुस्कान संस्था इस जिम्मेदारी को समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ निभा रही है।
मुस्कान संस्था के सेवा कार्य प्रशंसनीय – माया नारोलिया
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने भी मुस्कान संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि निराश्रित एवं जरूरतमंद बालिकाओं को संरक्षण प्रदान करने के साथ उन्हें शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बड़नगर से वाराणसी की यात्रा पर निकले युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं युवाओं में सेवा, सामाजिक समरसता, राष्ट्रप्रेम और जन-जागरूकता की भावना को मजबूत करती हैं।
समाज को जागरूक करेगी बाइक यात्रा- मनीष ठाकुर
कार्यक्रम के दौरान मुस्कान संस्था में समरसता भोज का आयोजन किया गया। यात्रा दल के सदस्यों एवं उपस्थित अतिथियों ने समरसता भोज में सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने यात्रा दल के सभी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं के सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय सफर की कामना की। मनीष ठाकुर ने कहा कि सेवा और सामाजिक चेतना के उद्देश्य से निकली यह यात्रा युवाओं को समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देती है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।


