गंदगी और कचरा फैलाने पर 17 दुकानों पर की कार्रवाई
जीआरवी पर 31 हजार, केनरा बैंक और स्मार्ट बाजार आये कार्रवाई की जद में
नर्मदापुरम्। नाम बड़े और दर्शन खोटे….ये पंक्तियां शहर के उन तीन प्रमुख संस्थानों पर उस वक्त खरी बैठते दिखी जब नगरपालिका प्रशासन का अमला उन संस्थानों पर जांच करने पहुंचा। ये संस्थान कोई और नहीं बल्कि नर्मदापुरम शहर में जीआरवी होटल, केनरा बैंक और स्मार्ट बाजार हैं जिनकी अच्छी साख लोगों के बीच मानी जाती है। बड़े नाम वाले ये संस्थान गंदगी और कचरा फैलाने वाले प्रमोटर बने हुए थे। आकस्मिक निरीक्षण में इन संस्थानों की हरकतें पकड़ने के बाद नगरपालिका प्रशासन ने इन पर बिना कोई मुरव्वत किए 10-10 हजार का जुर्माना ठोंक दिया। नपा प्रशासन ने अपने अभियान के दौरान विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए 1 लाख 41 हजार 200 रूपये का जुर्माना वसूला। नगरपालिका प्रशासन शहर में साफ-सफाई को लेकर पूरी तरह ‘अलर्ट मोड’ में आ गया है। गुरुवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने नपा अमले के साथ बाजार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी फैलाने, कचरा सड़कों पर डालने और अतिक्रमण करने वाले बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों और बैंकों पर भी ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 41 हजार 200 रुपए का भारी-भरकम जुर्माना वसूला गया। नपा प्रशासन द्वारा 17 दुकानों की गई कार्रवाई में प्रमुख रूप से जीआरवी होटल पर 31 हजार, केनरा बैंक पर 10 हजार और स्मार्ट बाजार पर 10 हजार का जुर्माना लगाया गया है। इससे पूर्व इन्हें कई बाजार सफाई सुपरवाइजर द्वारा समझाइश भी दी गई थी
इन पर हुई कार्रवाई
स्वच्छ भारत अभियान नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया कि नगर मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा समूचे बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गंदगी करने, कचरा फैलाने और अतिक्रमण करने पर जुर्माने की कार्रवाई की गई।
1 हंगामा सेल 10,000/-
2 इंदौरी सेल 10,000/-
3 बॉम्बे सेल 10,000/-
4 इमरान अंडा 5,000/-
5 इमारत अंडा वाला 5,000/-
6 रिंकू पान मसाला 5,000/-
7 राजपूत बाइक रिपेयरिंग 5,000/-
8 साहू बाइक रिपेयरिंग 5,000/-
9 गुप्ता टी स्टॉल 200/-
10 झूलेलाल मोबाइल शॉप 5,000/-
11 गुरु कृपा मोबाइल शॉप 5,000/-
12 केनरा बैंक 10,000/-
13 घमंडी लस्सी 10,000/-
14 जीआरवी होटल 31,000/-
15 मैंगो माइंट होटल 10,000/-
16 रिलायंस स्मार्ट बाजार 10,000/-
17 तरण ट्रेंड्स 5,000/-
इनका कहना है
मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने बताया कि सफाई सुपरवाइजर्स द्वारा उक्त लोगों कई बार समझाइश भी दी गई थी। लेकिन बार -बार समझाइश देने के बाद भी वे नहीं मान रहे थे। स्वच्छता निरीक्षक द्वारा कचरा और गंदगी फैलाने के वीडियो साक्ष्य के रूप में एकत्रित किए गए। गुरूवार को 17 दुकानों, प्रतिष्ठानों और होटल पर कार्रवाई की गई है।
