
इटारसी। धर्मप्रिय महिला स्व. नाथूराम ओझा की धर्मपत्नी श्रीमती श्यामा ओझा का मंगलवार सुबह बीमारी के चलते निधन हो गया। मंगलवार शाम 5 बजे नेहरूगंज स्थित उनके निज निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसके पश्चात गोकुल नगर (खेड़ा) स्थित शांतिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र एवं सर्व ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष पं. जितेंद्र ओझा ने उन्हें मुखाग्नि दी।
श्रीमती ओझा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. दीपक ओझा की माताजी और अभिषेक व आस्तिक ओझा की दादी थीं। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और समाज के लोग शामिल हुए। शांति धाम में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उनके निधन से पूरे शहर व समाज में शोक की लहर है।