5 साल से बंद पड़ा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा चालू, किसानों को लंबा इंतजार करने से मिलेगी मुक्ति..

इटारसी मंडी में अब दो इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से होगी किसानों की उपज की तौल
इटारसी। जिले की ए ग्रेड कृषि उपज मंडी इटारसी में किसानों को अब अपनी उपज की तुलाई के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मंडी में गुरुवार से एक और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का संचालन शुरू हो गया है। इसके साथ ही मंडी में अब दो इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की सुविधा उपलब्ध हो गई है। नए कांटे के शुरू होने से किसानों का समय बचेगा और मंडी में उपज की तुलाई, खरीदी एवं परिवहन की प्रक्रिया में भी तेजी आएगी। पहले दिन इस कांटे पर 50 ट्रॉलियों की तुलाई की गई।

5 साल से बंद था कांटा
गौरतलब है कि मंडी में यह तौल कांटा पिछले चार-पांच साल से बंद पड़ा था। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन, मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम नीलेश शर्मा और मंडी सचिव प्रशांत पांडेय के प्रयासों से इसे दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया पूरी की गई। मंडी सचिव ने पिछले माह आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इसका संचालन पुनः प्रारंभ कराने की दिशा में पहल की थी। देवास की फर्म शिवम तौल कांटा ने इस कांटे का संचालन अपने हाथ में लिया है। फर्म द्वारा अन्य मंडियों में भी इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों का संचालन किया जा रहा है।

इटारसी की ए ग्रेड है कृषि मंडी

इटारसी जिले की ए ग्रेड कृषि उपज मंडी है। इस मंडी में नर्मदापुरम, इटारसी सहित आसपास के सैकड़ों गांवों के किसान अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं। इतनी बड़ी कृषि मंडी में लंबे समय से एक अतिरिक्त तौल कांटे की जरूरत महसूस की जा रही थी। किसानों को उपज तौलाने के लिए कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब दो कांटे होने से तुलाई का काम तेजी से होगा। इससे मंडी में उपज की आवक और खरीदी के साथ परिवहन व्यवस्था को भी गति मिलेगी।

किसानों को मिलेगी बड़ी सुविधा

मंडी विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल ने कहा कि मंडी में अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा शुरू होना किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को अपनी उपज तौलाने के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनका समय बचेगा। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन में मंडी प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों का लाभ अब उन्हें मिलने लगेगा।

Leave a Reply