मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने की जनसुनवाई
अतिक्रमण कर नाली दबाने वालों को जारी किए नोटिस,
तीन दिनों के अंदर हटाना होगा अतिक्रमण
नर्मदापुरम्। प्रति गुरूवार को होने वाली जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। गुरूवार को मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा जनसुनवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं के समाधान करने हेतु नगरपालिका के सभी शाखाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में आई प्रमुख समस्या रसूलिया के हनुमान नगर में नागरिकों द्वारा नाली पर अतिक्रमण कर चोक कर दी गई है। जिससे सफाई नहीं हो पा रही है। सीएमओ श्री देशमुख द्वारा तत्काल निर्देशित करते हुए नाली से अतिक्रमण हटाने संबंधित नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि तीन दिवस के अंदर अतिक्रमणकारी स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें।
इस दौरान उन्होंने टेक्सेशन के लिए आए आवेदन को राजस्व शाखा को भेजकर उनका समाधान करने, वार्ड क्रमांक 21 के विनिता विश्वकर्मा द्वारा नगरपालिका की योजनाओं के माध्यम स्वरोजगार स्थापित करने हेतु सिलाई मशीन की मांग की गई। उनकी समस्या के समाधान हेतु डेएनएलयूएम की मैनेजर दिव्या मिश्रा को निर्देशित किया। कार्यालय अधीक्षक मुनेंद्र पांडेय ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में नागरिकों की समस्याओं के समाधान करने हेतु प्रति गुरूवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं। जनसुनवाई के दौरान स्वच्छता नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी, उपयंत्री मुकेश जैन, आयुषी रिछारिया, रीना गुप्ता सहित पार्षदगण उपस्थित रहे।
