




सिवनीमालवा में नर्मदा नदी में सुबह 5 बजे से चली संयुक्त कार्रवाई में अवैध उत्खनन में लगी 7 पनडुब्बियां और 7 मोटरबोट जब्त
राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की 50 सदस्यीय टीम ने संभाला मोर्चा
अवैध परिवहन में डंपर और अवैध भंडारण में जेसीबी मशीन भी हुई जब्त
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में रेत, मुरम एवं अन्य गौड खनिजों का अवैध उत्खनन करने वाले माफिया जिला प्रशासन की राडार पर हैं। जिला प्रशासन की टीम खनन माफियाओं की हर हरकत पर नजर रखते हुए छापामार कार्रवाई कर रही है। जिला प्रशासन की सख्ती के चलते अब तक 15 दिन में खनन माफियाओं के करीब 25 वाहन जब्त हो चुके हैं। इसी क्रम में सिवनीमालवा क्षेत्र में नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
सुबह 5 बजे से हुई घेराबंदी, माफियाओं में हड़कंप
कलेक्टर के निर्देश पर खनन माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार सुबह 5 बजे से सिवनीमालवा में नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर व्यापक छापेमार कार्रवाई की गई। प्रशासन की अचानक घेराबंदी से माफियाओं में हड़कंप मच गया। प्रशासन की घेराबंदी के जाल में कई माफियाओ के वाहन फंस गए। अवैध उत्खनन में लगी 7 पनडुब्बियां एवं 7 मोटरबोट जब्त की गई हैं। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम विजय राय के नेतृत्व में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम द्वारा नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर सघन जांच एवं घेराबंदी का ऐसा प्लान बनाया गया कि अवैध उत्खनन में संलिप्त मशीनों और संसाधनों को माफिया बाहर नहीं ले जा सके। सभी संसाधनों को जब्त किया गया। कार्रवाई की निगरानी के लिए एसडीएम विजय राय स्वयं राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की टीम के साथ नाव के माध्यम से नदी मार्ग से विभिन्न घाटों पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एक अन्य कार्यवाही में डंपर एवं जेसीबी मशीन भी जब्त
अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की गई। गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर डंपर क्रमांक MP04YS0287 को जब्त कर आरटीओ परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। वहीं इटारसी में गिट्टी के अवैध भंडारण के मामले में एक जेसीबी मशीन जब्त कर पथरौटा थाने की अभिरक्षा में रखवाई गई है।
इनका कहना है
कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध उत्खनन के विरुद्ध पूर्व में भी लगातार सख्त कार्रवाई की गई है। गत सप्ताह संयुक्त टीम ने सिवनीमालवा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी 5 पनडुब्बियां, 6 से अधिक मोटरबोट तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त डंपर, जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए थे। इस प्रकार विगत 15 दिनों के अंदर अवैध उत्खनन में संलिप्त 25 से अधिक वाहनों को जब्त किया जा चुका है।
देवेश मरकाम, जिला खनिज अधिकारी नर्मदापुरम
जिले में रेत एवं अन्य गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के प्रति सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
आशीष वशिष्ठ, कलेक्टर नर्मदापुरम