वर्ष 2008 के बाद छिन गया था इटारसी का स्वतंत्र विधानसभा का दर्जा, अब फिर से इटारसी को विस सीट बनाने की उठने लगी मांग, आगामी परिसीमन में तय होगा भविष्य..

सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सिंह ठाकुर ने की मांग

इटारसी। आने वाले समय में परिसीमन किया जाना है। वर्ष 2008 के बाद परिसीमन होने से इटारसी विधानसभा को खत्म कर होशंगाबाद विधानसभा में मर्ज किया गया था। परिसीमन से पहले इटारसी विधानसभा सीट 1957 से 2003 तक स्वतंत्र रूप से मौजूद थी। 2008 के बाद से इटारसी के मतदाता नर्मदापुरम (होशंगाबाद) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत  अपने मताधिकार का प्रयोग करते आ रहे हैं। आगामी परिसीमन को देखते हुए अब फिर से इटारसी विधानसभा को स्वतंत्र अस्तित्व में लाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। यह मांग उठाई है सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने।  उन्होंने आगामी परिसीमन में इटारसी के नाम से स्वतंत्र विधानसभा क्षेत्र बनाने और नर्मदापुरम जिले की विधानसभा सीटों की संख्या चार से बढ़ाकर पाँच करने की माँग की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जनसंख्या, मतदाता संख्या, प्रशासनिक स्थिति और प्रस्तावित क्षेत्र की भौगोलिक निरंतरता के आधार पर विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर निर्धारित कानूनी प्रक्रिया में सक्षम प्राधिकरण के समक्ष रखा जाना चाहिए।

इटारसी को बनाएं विस सीट

मनीष ठाकुर ने कहा कि नर्मदापुरम जिले में वर्तमान में सिवनी मालवा, नर्मदापुरम, सोहागपुर और पिपरिया, कुल चार विधानसभा क्षेत्र हैं। मौजूदा परिसीमन आदेश में इटारसी नगरपालिका क्षेत्र नर्मदापुरम विधानसभा में शामिल है, जबकि केसला क्षेत्र का हिस्सा सिवनी मालवा विधानसभा में आता है। इस प्रकार इटारसी तहसील से जुड़े क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में है, पर इटारसी के नाम से कोई स्वतंत्र सीट नहीं है।

इटारसी की है अलग पहचान

उन्होंने कहा कि इटारसी की अलग प्रशासनिक और नागरिक पहचान भी इस माँग का महत्वपूर्ण आधार है। जिला प्रशासन की जानकारी के अनुसार इटारसी जिले के पाँच राजस्व अनुविभागों में एक है और यहाँ अलग नगरपालिका है। केसला जिले का अलग विकासखंड है। वर्ष 2011 की जनगणना में इटारसी नगरपालिका की आबादी लगभग 99 हजार दर्ज की गई थी। इसलिए आगामी परिसीमन के लिए इटारसी नगर के साथ प्रस्तावित आसपास के क्षेत्रों की जनसंख्या और अद्यतन मतदाता संख्या का समुचित अध्ययन आवश्यक है।

इटारसी को मिले प्रभावी प्रतिनिधित्व

मनीष ठाकुर ने कहा कि इटारसी देश के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा जंक्शन है। शहर में परिवहन, व्यापार, रोजगार, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्रभावी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। साथ ही केसला के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए विधानसभा सीमाओं पर विचार किया जाए। किसी क्षेत्र को कहाँ शामिल किया जाए, यह प्रमाणित आँकड़ों और भौगोलिक निरंतरता के आधार पर तय होना चाहिए। जिला प्रशासन भी इटारसी के रेल संपर्क के महत्व का उल्लेख करता है।

पुरजोर ढंग से रखेंगे मांग

उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी माँग जिले में एक अतिरिक्त सीट की है। चार मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों के स्थान पर कुल पाँच विधानसभा क्षेत्र, जिनमें एक स्वतंत्र इटारसी विधानसभा हो, इसके समर्थन में क्षेत्रवार जनसंख्या, मतदान केंद्रों, पंचायतों और प्रस्तावित सीमाओं का तथ्यपूर्ण विवरण तैयार किया जाएगा। केंद्र सरकार तथा जनप्रतिनिधियों के समक्ष माँग रखी जाएगी और परिसीमन का आधिकारिक मसौदा प्रकाशित होने पर निर्धारित मंच पर औपचारिक सुझाव प्रस्तुत किए जाएँगे। ठाकुर ने नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों तथा सभी राजनीतिक दलों से इस विषय पर साझा पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय संवैधानिक प्रावधानों और परिसीमन की कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगा; इसलिए इटारसी का पक्ष समय रहते ठोस आँकड़ों और स्पष्ट क्षेत्रीय प्रस्ताव के साथ रखा जाना आवश्यक है।

एक नजर में सूबे की राजनीति

वर्ष 1957 में हरिप्रसाद चतुर्वेदी ने इटारसी विधानसभा से जीत दर्ज की। 1962 में कुंवर सिंह विधायक बने। इसके बाद 1967 और 1972 में हरिप्रसाद चतुर्वेदी ने फिर जनता का विश्वास हासिल किया। वर्ष 1977 के चुनाव में आपातकाल का असर दिखा और जनता पार्टी के नर्मदा प्रसाद सोनी सुक्कू भैया चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। उनका कार्यकाल 1977 से 1980 तक रहा।वर्ष 1980 में विजय दुबे काकू भाई कांग्रेस से विधायक बने। 1985 में भी विजय दुबे ने जीत हासिल की।इसके बाद 1990 में डॉ. सीतासरन शर्मा ने इटारसी की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। 1990, 1993 और 1998 में लगातार जीत हासिल की। वर्ष 2003 में गिरिजाशंकर शर्मा विधायक बने। इसके बाद इटारसी और होशंगाबाद क्षेत्र को मिलाकर नई नर्मदापुरम विधानसभा बनी। वर्ष 2008 में गिरिजाशंकर शर्मा यहां से विधायक चुने गए। इसके बाद 2013, 2018 और 2023 में डॉ. सीतासरन शर्मा ने फिर से लगातार जीत हासिल की। डॉ शर्मा ने छह बार विधानसभा पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया है।

Leave a Reply