
इटारसी। कृषि उपज मंडी में इस समय धान की बंपर आवक हो रही है। किसान इटारसी मंडी में धान के अच्छे भाव पाने की उम्मीद में बड़ी तादाद में ट्रॉलियों में धान लेकर पहुंच रहे हैं। गुरुवार सुबह धान के कम भाव मिलने से नाराज किसानों और किसान संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने मंडी परिसर में धान के कम भाव मिलने से नाराज होकर जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में वे किसान शामिल हुए जिन्हें धान के कम भाव बताए गए। मंडी में उपज लेकर पहुंचे किसानों का आरोप था कि कुछ बड़े व्यापारियों की आईडी बंद होने के कारण खरीदी व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे उन्हें 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक कम दाम मिल रहे हैं। किसानों ने बताया कि खाद-बीज और कटाई पर भारी खर्च कर महीनों की मेहनत से फसल तैयार करने के बाद भी मंडी में सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नाराज किसानों ने मंडी प्रबंधन कार्यालय के सामने विरोध जताते हुए खरीदी व्यवस्था सुचारू करने और वाजिब भाव दिलाने की मांग की। इधर हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम एवं मंडी भारसाधक अधिकारी नीलेश शर्मा तत्काल मंडी परिसर पहुंचे। उन्होंने मंडी सचिव प्रशांत पांडेय और विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल की मौजूदगी में आक्रोशित किसानों, व्यापारियों और मंडी अधिकारियों के साथ चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन की समझाइश और उचित दर दिलाने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और नीलामी प्रक्रिया दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सकी। किसानों के विरोध प्रदर्शन के मामले में एसडीएम नीलेश शर्मा ने बताया कि सुबह कुछ किसानों और किसान संगठनों ने धान के अपेक्षाकृत कम रेट को लेकर विरोध जताया था। मौके पर पहुंचकर संबंधित किसानों, व्यापारियों और अधिकारियों से चर्चा करसमझाइश दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान की वैरायटी और क्वालिटी में अंतर होने के कारण भावों में उतार-चढ़ाव रहता है। मंडी में नीलामी प्रक्रिया लगातार जारी है और किसानों को उचित दर दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, फिलहाल सभी किसान संतुष्ट हैं।