इटारसी नगरपालिका के मामले में प्रमुख सचिव को हाईकोर्ट का नोटिस, अब निचले अफसरों और जनप्रतिनिधियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

नगर पालिका पर 14.20 करोड़ रुपये के कथित फर्जी भुगतान मामले में हाईकोर्ट की अवमानना याचिका पर नोटिस

इटारसी। इटारसी नगरपालिका से जुड़े एक मामले में कार्रवाई ना करना नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव महंगा पड़ गया है। शिकायतकर्ता ने इस मामले में लापरवाही को लेकर हाईकोर्ट में अवमानना याचिका लगाई थी जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन विभाग को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस के जारी होने के बाद अब इस मामले कागज़ी घोड़े तेजी से दौड़ने के हालात बनने वाले है। इस नोटिस के जारी होने से अब प्रमुख सचिव खुद को झमेले से बचाने के लिए इस मामले की तथ्यपरक जानकारी बुला सकते हैं जिससे कई चेहरे कार्रवाई की जद में आ सकते है।

यह है मामला

नगर पालिका परिषद में 14 करोड़ 20 लाख 51 हजार 378 रुपये के कथित फर्जी भुगतान के मामले में सुरेश द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर में दायर अवमानना याचिका लगाई गई थी।याचिका में कहा गया था कि हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है जो कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। याचिका पर सुनवाई के बाद प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास विभाग संजय दुबे को नोटिस जारी किया गया है। उल्लेखीय है कि यह मामला नगर पालिका अध्यक्ष , तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के कार्यकाल मे कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है।

याचिका में लगाया आरोप

याचिका में आरोप लगाया गया है कि मध्यप्रदेश नगर पालिका (लेखा एवं वित्त) नियम 2018 के नियम 85(2) तथा नगरीय विकास एवं आवास विभाग के 6 अगस्त 2022 के आदेश का उल्लंघन करते हुए 35 माह की अवधि में तीन कोटेशन प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित सीमा से अधिक सामग्री खरीदी गई और लगभग 14.20 करोड़ रुपये का कथित फर्जी भुगतान किया गया। शिकायतकर्ता ने इसे नगर पालिका को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाला मामला बताया है।

4 सप्ताह में मांगा जवाब

इस मामले में पहले उच्च न्यायालय ने 30 जून 2026 को संबंधित शिकायत पर 90 दिनों के भीतर कार्रवाई पूरी कर निर्णय लेने के निर्देश दिए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं किया गया, जिसके बाद अवमानना याचिका प्रस्तुत की गई। 17 नवंबर 2026 को हुई सुनवाई में न्यायालय ने प्रमुख सचिव संजय दुबे को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 2 जनवरी 2027 को संभावित है।

Leave a Reply