पुलिस ने हमलावर साथी को किया गिरफ्तार

इटारसी। शहर में चाकूबाज़ी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। अभी चंद दिनों पहले रेलवे स्टेशन रोड पर यातायात पुलिस चौकी के आगे हुई चाकूबाजी की घटना में एक मजदूर की हत्या का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब नयायार्ड की मालवी कॉलोनी में चाकूबाजी की घटना हो गई। जानकारी के अनुसार बीती रात कमरे को लेकर दो मजदूरों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक मजदूर ने दूसरे के सीने पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले में दूसरा युवक बुरी तरह घायल हो गया। इस घटना से कालोनी में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को उसके परिचितों ने प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल नर्मदापुरम भेजा गया। जिला अस्पताल में उसकी हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।