आस्था के साथ मानव सेवा का महाअभियान, श्री चिंतामणि गणेश मंडल के पहले रक्तदान शिविर में करीब 40 यूनिट रक्तदान…

गणेशोत्सव के 12वें वर्ष में मंडल की अनूठी पहल, कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने की सराहना, आगामी दिनों में शासकीय अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान करेंगे वंचित रक्तदाता

इटारसी। धार्मिक आस्था को मानव सेवा से जोड़ते हुए श्री चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल, बैंक कॉलोनी द्वारा गणेशोत्सव के 12वें वर्ष में पहली बार विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित इस शिविर में करीब 40 यूनिट रक्तदान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने मंडल की इस पहल की सराहना करते हुए अन्य समितियों को भी धार्मिक आयोजनों के साथ मानव सेवा के ऐसे कार्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

गणेश जी की पूजा से रक्तदान शिविर का शुभारंभ

बैंक कॉलोनी स्थित मंडल के पंडाल में आयोजित रक्तदान शिविर की शुरुआत अतिथियों द्वारा श्री चिंतामणि गणेश प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन के साथ की गई। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम में आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गहलोत, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी प्रमोद पगारे, सभापति राकेश जाधव, मनजीत कलोसिया, तहसीलदार रामशंकर झरबड़े, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल इटारसी के अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे, डॉ. प्रियंक मिश्रा, डॉ. अनिकेत सिंह, कुलदीप रघुवंशी, गोपाल शर्मा, अभिषेक साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, करणी सेना के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

अतिथियों ने किया रक्तदान के लिए प्रेरित

मंचीय कार्यक्रम में सभापति राकेश जाधव, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी प्रमोद पगारे, अस्पताल अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे, उपस्थित चिकित्सकों और कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने नागरिकों को संबोधित किया। वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व, जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में इसकी भूमिका और समाजसेवा के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने श्री चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल द्वारा पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना की। उन्होंने अन्य गणेश मंडलों एवं सामाजिक समितियों को भी इस प्रकार के जनसेवा कार्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गहलोत ने रक्तदान के महत्व और इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी प्रमोद पगारे ने मंडल की पहल को ऐतिहासिक बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की।

70 से अधिक ने कराया पंजीयन, करीब 40 यूनिट रक्तदान

शिविर में 70 से अधिक लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था। इनमें से करीब 40 यूनिट रक्तदान संपन्न हुआ। हालांकि, कुछ पंजीकृत लोगों के आधार अपडेट और मोबाइल नंबर पर ओटीपी से संबंधित तकनीकी समस्याओं के कारण रक्तदान नहीं हो सका। वहीं, कुछ लोग चिकित्सकीय जांच में रक्तदान के लिए अनफिट पाए गए।आयोजन समिति ने बताया कि जो लोग तकनीकी समस्याओं या अन्य कारणों से शिविर में रक्तदान नहीं कर पाए, वो लोग आगामी दिनों में शासकीय अस्पताल के ब्लड बैंक में जाकर रक्तदान करेंगे। इस तरह रक्तदान के संकल्प को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में रक्तदान के लिए आगे आए नागरिकों, चिकित्सकों, जिला प्रशासन एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग के प्रति आयोजन समिति ने आभार व्यक्त किया।

अगले वर्ष रक्तदान शिविर को सबसे बड़ा आयोजन बनाने का संकल्प

आयोजन समिति ने अतिथियों को आश्वस्त किया कि इस वर्ष मंडल द्वारा रक्तदान शिविर के रूप में एक नई पहल की गई है। अगले वर्ष रक्तदान शिविर को मंडल के सबसे बड़े आयोजन के रूप में आयोजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा की भावना को और मजबूत करना है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक रक्तदान से जुड़ें और जरूरतमंद मरीजों की मदद में अपना योगदान दे सकें।
गणेशोत्सव के 12वें वर्ष में श्री चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल द्वारा शुरू किया गया यह पहला रक्तदान शिविर आस्था, सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा के संगम का संदेश दे गया।

Leave a Reply