महंगाई, बेरोजगारी और टैक्स के मुद्दे पर नगर कांग्रेस ने मनाया धिक्कार दिवस
इटारसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत के साथ भाजपा नगर में शाम को दीपक जलवाने की तैयारी करती रही और उधर नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी ने 17 सितंबर यानी पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को धिक्कार दिवस के तौर पर प्रचारित करने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और व्यापारियों को पर्चे वितरित कर केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी के कारण युवा परेशान हैं और छोटे-बड़े व्यापारी टैक्स तथा विभिन्न शुल्कों के बोझ से दबे हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से आम जनता, किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
अंधेर नगरी-चौपट राजा वाले हालात–कन्हैया गोस्वामी
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश में सरकार की व्यवस्था “अंधेर नगरी, चौपट राजा” की तर्ज पर चल रही है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से, युवा बेरोजगारी से, व्यापारी टैक्स के बोझ से, किसान अपनी समस्याओं से और महिलाएं बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। सरकार आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय ऐसे फैसले ले रही है, जिनसे लोगों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। गोस्वामी ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री, दवाइयों और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण लगाने और जनता को राहत देने की मांग की।
गोस्वामी ने UPI लेन-देन पर टैक्स से जुड़े प्रस्तावों और शुल्क के बोझ को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के नाम पर यदि आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जाता है, तो इसका सीधा असर छोटे दुकानदारों, फुटकर व्यापारियों और ग्राहकों पर पड़ेगा। डिजिटल भुगतान पर शुल्क बढ़ने से व्यापार की लागत बढ़ सकती है तथा अंततः वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि आज छोटे व्यापारी पहले ही जीएसटी, लाइसेंस, बिजली बिल, किराया और अन्य खर्चों के दबाव में काम कर रहे हैं। ऐसे में डिजिटल लेन-देन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क उनके लिए परेशानी बढ़ाने वाला साबित होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता और छोटे व्यापारियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम किया जाए तथा डिजिटल भुगतान को सरल, सुरक्षित और शुल्कमुक्त बनाया जाए।
गलत नीतियों पर लड़ेगी कांग्रेस- गुड्डन पाण्डेय
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत “गुड्डन” पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी तथा व्यापारियों की समस्याओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को जनता की परेशानियों को गंभीरता से समझना चाहिए और केवल घोषणाओं के बजाय धरातल पर राहत पहुंचाने वाले कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है। सरकारी और निजी क्षेत्र में पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। वहीं, महंगाई के कारण परिवारों की बचत खत्म हो रही है और व्यापारियों के सामने कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी लपेटा
प्रदेश सचिव राजकुमार उपाध्याय ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए तत्काल प्रभाव से महंगाई कम करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और व्यापारियों को टैक्स संबंधी राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए। वरिष्ठ नेता मोहन झलिया ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए टैक्स व्यवस्था को सरल बनाना चाहिए और अनावश्यक शुल्कों को समाप्त करना चाहिए। पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आम जनता, किसानों, मजदूरों, युवाओं और व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है, लेकिन सरकार इन गंभीर समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय जनता को गुमराह करने में लगी हुई है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं नेता प्रतिपक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि आमदनी के साधन सीमित होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं पर जवाब देना चाहिए और राहत के लिए ठोस नीति बनानी चाहिए।
सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानन “गज्जू” तिवारी ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा मानसिक और आर्थिक तनाव से गुजर रहे हैं। सरकार को युवाओं के लिए रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और टैक्स का बढ़ता बोझ केवल आर्थिक मुद्दे नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा असर आम लोगों के जीवन, परिवारों की खुशहाली और देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य सामग्री के दाम कम किए जाएं, युवाओं को रोजगार दिया जाए और छोटे व्यापारियों को टैक्स तथा शुल्कों में राहत प्रदान की जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों को पर्चे वितरित किए। इन पर्चों के माध्यम से महंगाई, बेरोजगारी, टैक्स व्यवस्था और डिजिटल भुगतान से जुड़े शुल्कों के मुद्दे पर जनता को जानकारी दी गई। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मुद्दों को उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है। कांग्रेस आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन करती रहेगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करेगी।
ये रहे उपस्थित
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत “गुड्डन” पाण्डेय, सेवादल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी, प्रदेश सचिव राजकुमार उपाध्याय, मोहन झलिया, पूर्व अध्यक्ष पंकज राठौर, वरिष्ठ कांग्रेसी अजय शुक्ला, नरेश चौहान, मोहन ठाकुर, शरद बामने, जिला कोषाध्यक्ष अतुल तिवारी, नगर प्रवक्ता मुकेश शर्मा “पिंकी”, राजकुमार यादव, बल्ला यादव, मंडल अध्यक्ष सोनू बकोरिया, राजेंद्र गोस्वामी, अर्जुन कुचबंदिया, देवी खाड़ोतिया, इमरान खान, कृष्णा चौधरी, मुन्ना सिद्दीकी, संजय धर, फारूक शेख, राहुल वर्मा, कमल दर्रा, मनीष सोनी, मुकेश गांधी, डीके मां साहब, सचिन चौरसिया, सनी बेंजामिन, अजय अहिरवार, जमील भाईजान, यूनिस पठान, दिलीप गोस्वामी, उमेश महोबे, संजय चौधरी, पप्पू कालोसिया, बबलू बस्तरवार, अमल सरकार, सी.पी. मालवीय, मोंटू ठाकुर, अमर टेलर्स, अरुण मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।