रिश्वत की चाह पड़ी महंगी, मध्यप्रदेश वेयरहाउस एंड लॉजिस्टिक कार्पोरेशन के ब्रांच मैनेजर और सर्वेयर को लोकायुक्त ने पकड़ा…

जिला मुख्यालय के कार्यालय में पदस्थ है दोनों कर्मचारी

नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय स्थित मध्यप्रदेश वेयरहाउस एंड लॉजिस्टिक कर्पोरेशन का दफ्तर एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार यह कार्यालय यहां के शाखा प्रबंधक और सर्वेयर के रिश्वतकांड में पकड़ाने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले इसी कार्यालय में पदस्थ जिला प्रबंधक वसुदेव दवंडे और कुछ अन्य लोगों पर करोड़ों की मूंग चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद लाइमलाइट में आया था। इस बार लोकायुक्त भोपाल की टीम द्वारा यहां के दो जिम्मेदारों को रिश्वतकांड में रंगेहाथ पकड़ने के बाद से ही कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है।

ब्रांच मैनेजर और सर्वेयर धराए, रिश्वत की चाह महंगी पड़ी

मंगलवार को लोकायुक्त टीम  ने मध्यप्रदेश वेयरहाउस एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के ब्रांच मैनेजर भरत यादव और सर्वेयर विपिन सिंह पर अपनी नजर जमाई। दोनों को पूर्व से तय की गई योजना के तहत रिश्वत के मामले में पकड़ा गया। दोनों पर मूंग की अंतिम टीसी यानी ट्रांसपोर्ट कम्पलीट की NOC देने के बदले 1 लाख 30 हजार रुपए मांगने का आरोप है। मंगलवार को जब सर्वेयर विपिन सिंह ने 90 हजार रुपए की रकम झेली और चेहरे पर खुशी के भाव लेकर चंद कदम ही चला तभी उसे लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

समिति प्रबंधक ने की थी शिकायत

जासलपुर सेवा सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक संदीप परसाई ने  लोकायुक्त भोपाल में शिकायत की थी। शिकायत में उसने उक्त दोनों लोगों द्वारा अंतिम टीसी का एनओसी देने के एवज में 1.30 लाख रुपये मांगने का जिक्र किया था। पांच दिन पहले गुरुवार को संदीप परसाई ने 40 हजार रुपए नकद दिए थे। इसका वीडियो भी बनाया गया था। बाकी 90 हजार रुपए मंगलवार को देना तय हुआ था। शिकायत के बाद टीम ने नर्मदापुरम में डेरा डाला। चार दिन तक टीम के सदस्य ग्रामीण वेशभूषा में अलग-अलग कामों के बहाने ब्रांच ऑफिस पर नजर रखते रहे।

होटल में सौदे की राशि लेने आया मैनेजर

लोकायुक्त टीम की मौजूदगी से बेखबर ब्रांच मैनेजर भरत यादव और सर्वेयर विपिन सिंह ने संदीप को मीनाक्षी चौक के पास एक होटल पर बुलाया। शाम करीब 4:30 बजे विपिन सिंह ने जैसे ही 90 हजार रुपए लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। होटल वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के दफ्तर से करीब 200 मीटर दूर है। इसके बाद लोकायुक्त टीम सर्वेयर को वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के दफ्तर लेकर पहुंची। यहां देर शाम तक कार्रवाई जारी रही। कार्रवाई लोकायुक्त इंस्पेक्टर रजनी सिंह और जीएस मस्कोले के नेतृत्व में की गई।

Leave a Reply