आबकारी विभाग ने बनाए 7 प्रकरण दर्ज,
इटारसी। जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद कच्ची शराब के कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है। कच्ची शराब के कारोबार से जुड़े लोग प्रशासन की नजरों से बचकर कच्ची शराब बनाकर शहर में खपा रहे हैं और लोगों की सेहत को डेंजर जोन में डाल रहे हैं। कच्ची शराब के कारोबार से जुड़ी सूचनाओं पर आबकारी विभाग ने इटारसी शहर में बड़ी कार्रवाई की। शहर के तीन इलाकों में आबकारी विभाग की टीम ने छापामार कार्यवाही कर करीब 60000 रुपए की शराब बरामद की। जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में मण्डल प्रभारी अधिकारी अभिलाष पाठक के नेतृत्व में आबकारी विभाग वृत्त इटारसी शहर की टीम ने नाला मोहल्ला, सूरजगंज और बालाजी मंदिर क्षेत्र में दबिश दी। आबकारी विभाग की टीम देखकर कच्ची शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया। वे शराब की कुप्पियों को छिपा पाते उसके पहले ही आबकारी विभाग की टीम ने सभी कुप्पियों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 7 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। टीम ने मौके से विदेशी मदिरा व्हिस्की के 55 पाव, 30 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब और 450 किलो महुआ लाहन बरामद किया। जब्त की गई शराब और लाहन की अनुमानित कीमत लगभग 60,900 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक केके पडरिया, मुख्य आरक्षक राजेश गौर और आरक्षक धर्मेंद्र बारंगे की भूमिका रही। जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी ने बताया कि जिले में अवैध शराब पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हमारी टीम लगातार कच्ची शराब बनाने वालों की निगरानी करेगी।
