
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम की कोतवाली पुलिस टीम ने एपीके फाइल से लोगों के खाते में सेंधमारी कर उनका बैंक खाता खाली करने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी महाराष्ट्र के कोरेगांव पुणे से हुई है। आरोपी ने पिछले साल दिसंबर माह में नर्मदापुरम के बालक छात्रावास निवासी रामकिशोर पिता हीरालाल यादव के साथ एपीके फाइल के माध्यम से बैंक खाते से चोरी की थी
यह था मामला
दिनांक 23/12/2025 में फरियादी रामकिशोर पिता हीरालाल यादव निवासी बालक छात्रावास नर्मदापुरम द्वारा थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। फरियादी के अनुसार उसके मोबाइल नंबर पर APK फाइल सेंड की गई थी। उसने अनजाने में एपीके फाइल को खोल लिया था। एपीके फाइल क्लिक करने के उपरांत उसके मोबाइल नंबर से संबद्ध बैंक खाते से लगभग ₹1,45,000/- की राशि ऑनलाइन आहरित कर ली गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली नर्मदापुरम में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध में धारा 319 (2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी
तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की विवेचना के लिए थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं डिजिटल डाटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान मुकेश कुमार ठाकुर पिता सुगन ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी मसरीडीह हिसीम थाना कासमार जिला बोकारो (झारखंड) हाल निवासी कोरेगाव पुणे महाराष्ट्र के रूप में हुईं। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को कोरेगाव जिला पुणे महाराष्ट्र से विधिवत अभिरक्षा मे लेकर मेमोरण्डम लिया गया, मेमोरण्डम में आरोपी व्दारा एपीके फाईल के माध्यम से फ्राड कर पीड़ित के खाते से स्वयं के खाते में पैसे ट्रांसफर करना स्वीकार करने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरोपी ने बताया अपराध का तरीका
आरोपी ने पुलिस को बताया कि सर्वप्रथम किसी अनजान व्यक्ति को APK फाइल प्रेषित करते हैं। जब भी किसी व्यक्ति द्वारा उक्त फाइल डाउनलोड/क्लिक की जाती है तो वे मोबाइल डिवाइस का रिमोट एक्सेस प्राप्त कर लेते हैं, जिसके माध्यम से बैंकिंग/ओटीपी संबंधी जानकारी हासिल कर खातों से अवैध रूप से धनराशि ट्रांसफर कर लेते हैं।
पुलिस की आमजन से अपील
अज्ञात स्रोत से प्राप्त APK फाइल/लिंक को क्लिक न करें।
मोबाइल में किसी भी अनधिकृत एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने से बचें।
बैंकिंग ओटीपी संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना एवं जिला नर्मदापुरम।
इनका कहना है
दिसंबर में एपीके फाइल से बैंक खाते से राशि निकालने के मामले में एक शिकायत दर्ज हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महाराष्ट्र के कोरेगांव पुणे से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है
गौरव बुंदेला, थाना प्रभारी कोतवाली थाना नर्मदापुरम