अब सरकारी अस्पताल में मरीजों को मिलेगा हड्डी रोगों से जुड़ा उपचार, अस्थिरोग विशेषज्ञ की हुई नियुक्ति

इटारसी में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ चौलकर ने शासकीय चिकित्सालय में संभाली जिम्मेदारी

इटारसी। जिले के दूसरे सबसे बड़े शासकीय अस्पताल में अभी तक मरीजों को अस्थि रोगों के मामले में उपचार नहीं मिल पाता था। उन्हें अस्थि रोगों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों या फिर शहर के बाहर जाना पड़ता था। अब अस्थि रोगों से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों में लुटने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। रोगी कल्याण समिति (RKS) के अंतर्गत अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ कुमार चौलकर को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय, इटारसी में जॉइनिंग कराई गई है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे द्वारा उनकी जॉइनिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। डॉ. सौरभ कुमार चौलकर प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को शासकीय चिकित्सालय, इटारसी में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। उनके अस्पताल में सेवाएं देने से क्षेत्र के मरीजों को अस्थिरोग संबंधी बीमारियों, हड्डियों एवं जोड़ों की समस्याओं तथा चोट एवं फ्रैक्चर के उपचार में सुविधा मिलेगी। यह नियुक्ति विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन में एवं विधायक प्रतिनिधि भरत वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई। इसी अवसर पर डॉ. मोनिका मूलचंदानी ने भी संजीवनी क्लिनिक के अंतर्गत मेडिकल ऑफिसर के पद पर अपनी जॉइनिंग की। इस पहल से इटारसी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। अस्पताल अधीक्षक डॉ कुम्हरे ने कहा कि जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। अस्थि रोग विशेषज्ञ के ज्वाइनिंग से जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply