
इटारसी। नीमबाड़ा स्थित पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा को लेकर कांग्रेस, संयुक्त व्यापार महासंघ सहित अन्य आंदोलनकारी पिछले एक महीने से आंदोलन कर रहे हैं। कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी की अगुआई में कांग्रेस के पदाधिकारियों और अन्य समर्थकों ने सोमवार को बाजार क्षेत्र में रैली निकाली और इटारसी नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आंदोलनकारियों ने 2 बार असफल प्रयास के बाद तीसरी बार भाजपा सरकार का पुतला जलाया।
मुस्तैद रहा पुलिस बल, दो बार छीना पुतला
बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा की मांग कर रहे कांग्रस सदस्यों और अन्य समर्थकों ने भाजपा सरकार के पुतला दहन का भी प्लान बनाया था। इसे रोकने के लिए बस स्टैंड परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा, टीआई सौरभ पांडे सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी दो दमकल वाहनों के साथ मौजूद रहे। कांग्रेसियों ने 2 बार पुतला जलाने की कोशिश की जिसे पुलिस ने विफल कर दिया मगर तीसरी बार में कांग्रेसियों ने तीसरे पुतले में अचानक ही आग लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने दमकल वाहन की मदद से आग बुझाकर पुतला अपने कब्जे में लिया।
कांग्रेस नेताओं ने विधायक पर किए तीखे हमले
पुतला दहन से पहले कांग्रेस ने एक छोटी सी सभा भी की। इस सभा में पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजकुमार उपाध्याय, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाबू चौधरी, अशोक जैन, राजेंद्र तोमर ने नर्मदापुरम विधायक डॉ शर्मा पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाते हुए शाब्दिक बाण छोड़े.…..सुनिए किस नेता ने क्या कहा