नीलम होटल चौक से नए बस स्टैंड के बीच आरटीओ स्टीकर वाले 20 ऑटो चलेंगे, हर कहीं बस रुकी तो होगी कार्रवाई…

नर्मदापुरम विधायक ने ली प्रशासनिक अफसरों की बैठक

इटारसी। नए बस स्टैंड को चालू करने पर जहां नर्मदापुरम विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा अड़े हैं वहीं कांग्रेस पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा को चालू कराने के लिए शहर में लगातार आंदोलन कर रही है। कुल मिलाकर बस स्टैंड का मामला एक मुद्दे से हटकर ईगो प्वाइंट बन गया है और दोनों ही पक्ष अब अपने कदम पीछे खींचने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। पुराने बस स्टैंड के लगातार गर्माते जा रहे इस मुद्दे को देखते हुए पुरानी इटारसी स्थित नए बस स्टैंड को लेकर नर्मदापुरम इटारसी विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा ने राजस्व, परिवहन, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक के माध्यम से आंदोलनकारियों को यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि बसों का संचालन अब पुरानी इटारसी से ही होगा और जरूरत पड़ी तो इसके लिए सख्ती भी होगी।विधायक डॉ शर्मा ने कहा कि शहर बढ़ता है तो नई व्यवस्था करनी ही पड़ती है। कुछ दिक्कतें होती है बाद में सब ठीक हो जाता है। पुराने शहर में भीड़ और कंजेशन बढ़ गया है। इसलिये बस स्टैंड को पुरानी इटारसी में लाया गया है। इस बैठक में जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद कापसे, एसडीएम निलेश शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा, टीआई सौरभ पांडे, सीएमओं सुरेखा जाटव, वरिष्ठ भाजपा नेता जयकिशोर चौधरी, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, पुरानी इटारसी अध्यक्ष मयंक मेंहतो, भाजपा नेता राजा तिवारी उपस्थित रहे।

विधायक की दो टूक, बसें नए स्टैंड से ही चलेंगी

बैठक के बाद विधायक सीतासरन शर्मा ने कहा कि अब बस नए बस स्टैंड से ही चलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड और नीलम चौक के बीच 20 ऑटो चलेंगे। हर जगह 5-5 ऑटो रहेंगे। प्रति सवारी 10 रुपए किराया होगा। ऑटो पर RTO का स्टीकर लगा होगा। बिना स्टीकर वाला ऑटो खड़ा नहीं होगा। अगर बिना अनुमति लिए किसी ने ऑटो चलाने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

बस संचालकों को सख्त संदेश,

बैठक में यह तय किया गया कि नए बस स्टैंड से ही बसो का संचालन किया जाएगा। निर्धारित स्थान के अलावा कहीं बस रोकी तो पहले दो नोटिस, फिर दो चालान, इसके बाद भी नहीं माने तो कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बस स्टैंड पर सिर्फ परिवहन विभाग से लाइसेंस प्राप्त एजेंट/कंडक्टर ही काम करेंगे। आपराधिक मामला दर्ज होने वाले एजेंटो को बस स्टैंड से बाहर किया जाएगा। फिटनेस ठीक नहीं होने वाली बसों के लाइसेंस की जाँच कर आरटीओ द्वारा निरस्त करने की कार्यवाही की जायेगी। सभी बसों की फिटनेस जांच होगी।

Leave a Reply