इटारसी के प्रमुख बाजारों में नगर पालिका का सख्त अभियान
इटारसी। शहर के बाजार क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के निर्देशन एवं नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के मार्गदर्शन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नेतृत्व में नगर पालिका के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम के साथ चलाया गया। नपा के अतिक्रमण दस्ते ने शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचकर निरीक्षण किया और अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। नपा की कार्रवाई की जद में 26 दुकानदार आए जिनसे करीब 5600 रूपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर पालिका की टीम द्वारा जवाहर बाजार, मोहन काका चौराहा, कपड़ा बाजार, पुराना फल बाजार, पटवा लाइन, राधा कृष्ण मार्केट, पोस्ट ऑफिस लाइन एवं नारियल बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से अधिक सामान रखकर सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को समझाइश दी गई। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकान का सामान निर्धारित सीमा के अंदर ही रखें, नालियों एवं सड़कों पर कचरा न डालें तथा बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखें।
इस विशेष अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम द्वारा कुल 26 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए ₹5,600 की जुर्माना राशि वसूल की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी रखी जाए। जिन दुकानदारों द्वारा बार-बार अतिक्रमण किया जाता है अथवा गंदगी फैलाई जाती है, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बाजार की सड़कों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण होने से आम नागरिकों, ग्राहकों एवं राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। इसलिए सभी व्यापारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नगर पालिका के अभियान में सहयोग करें। नगर पालिका परिषद द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहर के प्रमुख बाजारों को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
