70 हजार नगदी और मंगलसूत्र वाला बैग ट्रेन में छूटा तो यात्री का बढ़ गया टेंशन, जीआरपी ने एक सूचना पर बैग ट्रेन से ढूंढ निकाला…

इटारसी। इटारसी जीआरपी ने हड़पसर एक्सप्रेस में सफ़र कर रहे एक यात्री का सामान सुरक्षित लौटाया। यात्री के बैग में नगदी और आभूषण मिलाकर करीब 75 हजार रूपये का सामान रखा था। यात्री का जब सामान छूटा था तो उसे एकबारगी ऐसा लगा था कि अब उसे बैग वापस नहीं मिलेगा, मगर जब जीआरपी की तरफ से उसे बैग सुरक्षित उतार लेने की सूचना मिली तो उसकी चिंता दूर हो गई। जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को फरियादी हनुमंत पिता आवा घाडगे  55 साल निवासी सदर बाजार गंजबासोदा जिला विदिशा  ट्रेन नंबर 22589 हड़पसर एक्सप्रेस के एस-8 कोच में बैठने रानी कमलापति स्टेशन आए थे। उन्हें पुणे जाना था।  रानी कमलापति स्टेशन पर वे अपना पिट्ठू बैग बर्थ पर रखकर सामान लेने ट्रेन से बाहर आ गए। बेग में एक सोने का छोटा मंगलसूत्र कीमत 5500 रूपये ,नगदी 70,000/- रुपए, कपड़े और इस्तेमाली सामान मिलाकर कुल 75,500 /- रूपये कीमत का सामान रखा था। इसी दौरान ट्रेन चल दी और जल्दबाज़ी में उनका एक महत्वपूर्ण बैग ट्रेन के कोच में ही छूट गया। फरियादी के कीमती सामान छूट जाने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना प्रभारी इटारसी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया जिसमे सउनि राजेश कुमार उइके, प्रआर रवीश कामले और विनय चौरे को शामिल किया गया। टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित ट्रेन के अगले स्टेशनों पर आने तक ऑन-ड्यूटी जीआरपी/आरपीएफ स्टाफ व अटेंडर से संपर्क साधा। कड़ी मशक्कत और त्वरित तालमेल के बाद तलाशी के दौरान रेल्वे स्टेशन नर्मदापुरम में ट्रेन 22589 हड़पसर के कोच S/8 की बर्थ नंबर 57 के नीचे एक काले रंग का बैग मिलने पर उक्त लावारिस बैग को सुरक्षित बरामद कर जीआरपी चौकी नर्मदापुरम लाया गया। बरामद किये बैग की सूचना फरियादी हनुमंत निवासी विदिशा को दी गई। उनके जीआरपी चौकी नर्मदापुरम आने पर फरियादी की मौजूदगी में बैग खोला गया तथा सामान की विधिवत तस्दीक की गई। बैग में रखा सारा कीमती सामान सुरक्षित रखा हुआ पाया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर फरियादी हनुमंत के सुपुर्द कर दिया गया।। इटारसी जीआरपी थाना प्रभारी हेमंत चौकसे ने बताया कि यात्री के बैग में करीब 75 हजार रूपये कीमत का सामान रखा था जो उसे सुरक्षित वापस कर दिया गया है।

Leave a Reply