
इटारसी। शहर की चौपाटी पर खाद्य विभाग और प्रशासन की टीम ने अचानक छापामार कार्रवाई कर बड़ी तादाद में घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। यह सभी सिलेंडर ठेलों की आड़ में छिपाकर रखे गए थे। चौपाटी पर स्थित जंक फूड स्टॉल्स और दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग की मिल रही लगातार शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को चौपाटी की दुकानों पर अवैध रूप से इस्तेमाल किए जा रहे कई घरेलू गैस सिलेंडर गैस स्टोव से कनेक्ट मिले। दुकानदारों ने प्रशासनिक टीम से सिलेंडर जब्त नहीं करने की मिन्नतें भी की मगर उनकी नहीं सुनी गई। टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू सिलेंडर का उपयोग पूरी तरह गैर-कानूनी है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से किसी बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए सिलेंडरों को कब्जे में लेकर संबंधितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही पुरानी इटारसी में अंडे की दुकान में रखे घरेलू सिलेंडर में ब्लास्ट होने से एक पुलिसकर्मी सहित 4 अन्य लोग घायल हो गए थे। सभी शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है।