कारगिल युद्ध देश के सैनिकों की वीरगाथा का परिचायक, विद्यार्थियों को सेना का सम्मान करना चाहिए….

जीनियस प्लानेट के विद्यार्थियों ने कारगिल विजय दिवस पर दी श्रद्धांजलि
इटारसी। कारगिल विजय दिवस की महत्ता और देश की सेना की वीरा से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से जीनियस प्लानेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में शहीद जवानों को देशभक्ति गीतों एवं साँस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डायरेक्टर मोहम्मद जाफ़र सिद्दीकी ने कारगिल के बारे में विद्यार्थियों को बताया कि हमारे सैनिकों ने कारगिल जैसी जटिल पहाड़ी पर बैठे देश के दुश्मनों से जमकर मुकाबला किया था। हमारे सैनिकों ने अपने जुझारूपन से लड़ाई लड़ते हुए दुश्मनों पर विजय हासिल की। कारगिल युद्ध में हमारी सेना के कई वीर जवानों ने अपनी शहादत देकर कारगिल युद्ध जीता था। हमे उनकी शहादत का सम्मान करना चाहिए। स्कूल के कक्षा 12 वी के छात्र हर्ष नितिन यादव ने कारगिल युद्ध पर अपने विचार व्यक्त किए। साँस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से कक्षा 11 वी एवं 12 वी के विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध में शहीद मेजर विक्रम बत्रा और नर्मदापुरम जिले के सपूत शहीद तोपची विजय शंकर दुबे एवं अन्य शहीदों की जानकारी तथा उनके द्वारा देश के लिए किए गए कार्यों के बारे में संपूर्ण व्यक्तित्व को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसी प्रकार  मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों ने भी शानदार देशभक्ति गीत पर नाट्य के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति दी। संचालक मनीता सिद्दीकी ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमें हमेशा सेना के सिपाहियों का सम्मान करना चाहिए। वे विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभाते हैं। प्राचार्य ममता छिकारा ने विद्यार्थियों को देशहित में दिए जाने वाले भारतीय सेना के योगदान की जानकारी दी। उन्होंने सैनिक तथा अधिकारियों के कठिन परिश्रम के बारे में विद्यार्थियों को बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा सृष्टि तिवारी एवं अन्नू कुमारी ने  किया। विद्यार्थियों द्वारा वन्देमातरम औऱ जय हिन्द का उद्घोष कर शाला परिसर को गुंजायमान किया। कार्यक्रम के अंत दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिको को श्रद्धांजलि दी गई।

Leave a Reply