पीएम श्री एयर एम्बुलेंस से गंभीर मरीज को नागपुर किया गया एयरलिफ्ट
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले की माटी पर पहली बार एयर एंबुलेंस के कदम उतरें ताकि किसी की साँसे बचाई जा सकें। नर्मदापुरम में पहली बार मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा ने एक गंभीर मरीज का जीवन बचाने की पहल में उड़ान भरी। नर्मदापुरम और सीहोर जिला प्रशासन के समन्वित प्रयास से ट्राइडेंट हेलीपेड ग्राउंड से हेलीकॉप्टर गंभीर मरीज और उसके परिजनों को लेकर नागपुर के लिए रवाना हुआ। पीएम श्री एयर एंबुलेंस के इस हेलीकॉप्टर की उड़ान ने गंभीर मरीज के परिजनों के मन में अपने परिजन की जिंदगी बचाने की जद्दोजहद को नई उड़ान दी। गंभीर रूप से बीमार मरीज रामगोपाल टोकसे (83 वर्ष) को बेहतर उपचार हेतु एयरलिफ्ट कर नागपुर स्थित विवेका हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार मरीज रामगोपाल टोकसे सेरेब्रल इन्फार्क्ट, इलेक्ट्रोलाइट इम्बैलेंस एवं मल्टी ऑर्गन डिस्फंक्शन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ उपचार के लिए अन्य उच्च स्तरीय अस्पताल में रेफर किए जाने की आवश्यकता थी। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीज को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से नागपुर स्थित विवेका हॉस्पिटल भेजने की व्यवस्था की गई। पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के संचालन के लिए नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने सीहोर जिला प्रशासन के सहयोग से ट्राइडेंट कंपनी के हेलीपैड का उपयोग किया। समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप मरीज को सुरक्षित रूप से एयरलिफ्ट कर नागपुर पहुंचाया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनिल जैन, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नरसिंह गहलोत, एवं अन्य अधिकारीगण सहित चिकित्सक उपस्थित रहे।
क्या है पीएमश्री एयर एंबुलेंस
मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा गंभीर मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं जीवनरक्षक सुविधा है। इस सेवा के माध्यम से मरीजों को आवश्यकता अनुसार प्रदेश अथवा अन्य स्थानों के उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों तक शीघ्र एवं सुरक्षित रूप से पहुंचाया जाता है, जिससे उन्हें समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।

