स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में बैठा है डर, बिजली कंपनी के अफसर बोले स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं का ही फायदा…

-मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की कार्यशाला में गिनाई गई खूबियां

-स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिले ₹2.90 करोड़ के लाभ, भ्रांतियां दूर करने पर जोर


नर्मदापुरम।  जिले में बिजली विभाग के स्मार्ट मीटर (smart meter) को लेकर उपभोक्ता डरे हुए हैं। उपभोक्ताओं में यह डर बैठा हुआ है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनका बिजली उनकी आर्थिक स्थिति पर तगड़ा झटका देने का काम करेगा। इसी भ्रांति को दूर करने मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधिकारी फ्रंट फुट पर आए। बिजली कंपनी द्वारा इटारसी नर्मदापुरम रोड स्थित द पार्क रिसोर्ट में एक विशेष मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों के फायदे आम जनता तक पहुँचाना और उपभोक्ताओं में फैली भ्रांतियों को दूर करना रहा। कार्यक्रम में विद्युत अधिकारियों ने ऑडियो-वीडियो एवं पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट मीटरिंग की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।
सूरज के घंटों में बिजली उपयोग पर 20% तक की छूट
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटर सेल)  सीके पवार ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को ‘टाइम ऑफ डे’ (टीओडी) व्यवस्था का सीधा लाभ मिल रहा है। फरवरी से जुलाई 2026 तक के छह महीनों में नर्मदापुरम जिले के 3 लाख 26 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को कुल ₹2 करोड़ 90 लाख 38 हजार की टीओडी छूट बिजली बिलों में दी जा चुकी है। 10 किलोवाट तक के घरेलू, गैर-घरेलू व अन्य पात्र उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खपत की गई बिजली पर ऊर्जा प्रभार में 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।
रीडिंग के लिए परिसर में आने की जरूरत नहीं
श्री पवार ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद किसी कर्मचारी को मीटर रीडिंग के लिए परिसर में आने की आवश्यकता नहीं होती। स्वचालित एवं सटीक रीडिंग होने से मानवीय भूल या गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं रहती। उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए अपनी दैनिक, साप्ताहिक और मासिक खपत को ट्रैक कर सकते हैं तथा आगामी बिल का पूर्वानुमान भी लगा सकते हैं।
जिले में 81 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित         
एसडीएम  नीलेश शर्मा ने कहा कि नर्मदापुरम जिले में 1.74 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। अब तक जिले में 81,126 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर और कंपनी की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।
367 शिविरों में 28,483 समस्याओं का समाधान
महाप्रबंधक विनीत कुमार बागड़े ने बताया कि ‘संपर्क अभियान 2026’ के तहत नर्मदापुरम जिले में अब तक 367 विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें बिलिंग, नवीन कनेक्शन, भार वृद्धि व मीटर संबंधी 28 हजार 483 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसी अभियान के तहत इटारसी की सुनीता रैकवार को मात्र ₹5 में त्वरित नवीन घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराया गया।
कार्यशाला में उप महाप्रबंधक प्रतीक साहू, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी  मनोज द्विवेदी, तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े तथा उप महाप्रबंधक  संदीप कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply