इटारसी। चुनाव आयोग द्वारा राज्यसभा में कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी इटारसी द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी एवं नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष निशा बकोरिया ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
चुनाव आयोग कर रहा भेदभाव
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है, इसलिए उससे निष्पक्षता, पारदर्शिता और संविधान के अनुरूप कार्य करने की अपेक्षा की जाती है। यदि किसी उम्मीदवार के साथ अन्याय होता है तो यह केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास का भी प्रश्न बन जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रही है और आगे भी अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
चुनाव आयुक्त का रहे लोकतंत्र की हत्या
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार प्रश्न खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि जब भी लोकतांत्रिक अधिकारों पर कुठाराघात होगा, कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा। जनता की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र को कमजोर करता है और कांग्रेस ऐसे प्रयासों का डटकर मुकाबला करेगी। केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं
कांग्रेसियों ने जमकर कोसा
नेता प्रतिपक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका उतनी ही महत्वपूर्ण होती है जितनी सत्ता पक्ष की। यदि निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होती है तो इसका सीधा असर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अन्याय और भेदभाव के विरुद्ध निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुफरान अंसारी ने कहा कि देश का युवा संविधान, लोकतंत्र और अपने अधिकारों के प्रति पूरी तरह जागरूक है। युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जनता की आवाज को दबाने वाली ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी। नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष निशा बकोरिया ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल नेताओं की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है। महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनता की आवाज को बुलंद करने का कार्य करती रही है। कांग्रेस महासचिव राजकुमार उपाध्याय, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष गज्जू तिवारी, नसीम सहगल, पार्षद सीमा भदौरिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा जनता के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए गए तथा चुनाव आयोग के निर्णय के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया गया। इस अवसर पर, पूर्व मंडी अध्यक्ष रमेश बामने, पंकज राठौर, पिंकी शर्मा, अमित परदेशी, अजय अहिरवार सोनू बकोरिया, चंदू दुबे, राजेंद्र गोस्वामी, बल्ला यादव, राजकुमार यादव, नीलम मेहरा, मालती रावत, सुषमा सराठे, रुकसाना बी, सायरा बी, सबिता सोलंकी, काजल सोलंकी, मंजू कोरी।आदि मौजूद थे।

