कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नर्मदापुरम। शहर में चल रहे अवैध सट्टे कारोबार पर कोतवाली पुलिस की नजर अचानक टेढ़ी हो गई है। कोतवाली थाना की कमान संभालने के बाद थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने शहर में अलग अलग स्थानों पर चलने वाले सट्टा कारोबार की नकेल कसने छापामार कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 14 ऐसे चेहरे पकड़ाए जो अब तक पुलिस से बच रहे थे और सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे। पकड़े गए इन सटोरियों से नगदी और मोबाइल मिलाकर कुल 2 लाख 13 हजार का सामान जब्त हुआ है।
इनको मौके से पकड़ा
पुलिस टीम ने सब्जी मंडी, मीनाक्षी चौक के पास, बालागंज, जय स्तंभ चौक, गुप्ता ग्राउंड के पास एवं बंगाली कालोनी में छापामार कार्रवाई की तो प्रीतम जाटव ,दयाचन्द उर्फ करण, सुनील सोनी , नीरज सोनी , रमनलाल जाटव , राजकुमार कहार , शंकर वर्मा , शिवनारायण वाथरे, राजेश कहार, जय किशन अग्रवाल, सतीश केवट, सालिकराम कीर, मो. यूसुफ, रोशन कहार सट्टा कारोबार संचालित करते पकड़े गए। इन सभी को थाने लाया गया।
सूचना पर कार्रवाई

एसडीओपी जितेंद्र पाठक और थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि लंबे समय से इन जगहों पर सट्टा चलने की सूचना मिल रही थी। पुलिस टीम ने सटोरियों पर शिकंजा कसा तो सटोरियों से 1 लाख 28 हजार रुपये नगदी एवं सट्टा सामग्री सहित 3 मोबाइल फोन कीमती 85 हजार रुपये सहित कुल 2 लाख 13 हजार रुपये का माल बरामद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के निर्देश पर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था। शहर के सब्जी मंडी, मीनाक्षी चौक के पास, बालागंज, जय स्तंभ चौक, गुप्ता ग्राउंड के पास एवं बंगाली कालोनी इलाकों से सटोरियों की गिरफ्तारी हुई है।
