पार्षद के प्रयास से उत्तरी बंगलिया में अंडरपास-ओवरब्रिज और कलवर्ट पुलिया निर्माण की मांग पहुंची सांसद और रेलवे महाप्रबंधक तक, जीएम ने दिए विस्तृत रिपोर्ट बनाने के निर्देश…

नगरपालिका अध्यक्ष व पार्षद प्रतिनिधि ने दिया पत्र
इटारसी। वार्ड क्रमांक 8 उत्तरी बंगलिया मे बंद पड़े रेलवे गेट पर अंडरब्रिज अथवा ओवरब्रिज और मौजूदा पुलिया की ऊंचाई बढ़ाकर उसे कलवर्ट पुलिया करने के लिए पार्षद ज्योति बाबरिया लगातार प्रयास कर रही है। हजारों लोगों की समस्या से जुड़ी यह मांग पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया के माध्यम से सांसद और रेलवे के उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई है। सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार बाबरिया के साथ सांसद दर्शन सिंह चौधरी को ज्ञापन सौंपकर उत्तरी बंगलिया में अंडरपास अथवा ओवरब्रिज निर्माण तथा जर्जर रपटे के स्थान पर ऊंची कलवर्ट पुलिया निर्माण की मांग की। जबलपुर जोन के जीएम ने इस मांग पर इस विषय की विस्तृत रिपोर्ट बनाकर भेजने के निर्देश भोपाल डीआरएम को दिये हैं।

पहले ज्ञापन में कलवर्ट पुलिया की मांग
पहले ज्ञापन में कहा गया है कि वार्ड क्रमांक 8 में रेलवे लाइन के समीप स्थित रपटे पर हल्की बारिश में ही पानी भर जाता है, जिससे वार्डवासियों और रेलकर्मियों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इसके अलावा पुलिया भी जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है। ऐसे में क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए यहां ऊंची कलवर्ट पुलिया का निर्माण कराया जाना आवश्यक है।

दूसरे ज्ञापन में रेलवे गेट पर अंडरब्रिज अथवा ओवरब्रिज की मांग
दूसरे ज्ञापन में उत्तर बंगलिया और दक्षिण बंगलिया के बीच रेलवे लाइन के कारण लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों का उल्लेख करते हुए अंडरब्रिज या ओवरब्रिज निर्माण की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि रेलवे द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा कई बार लोगों को लंबा चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। यहां रेलवे ट्रैक पार करते समय दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान भी जा चुकी है।

सांसद ने मांगों को जीएम के सामने रखा
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को इटारसी प्रवास पर आए रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह एवं डीआरएम पंकज त्यागी को ज्ञापन सौंपकर चर्चा की। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने उत्तरी बंगलिया क्षेत्र की समस्याओं और प्रस्तावित निर्माण कार्यों की आवश्यकता से अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष ने वार्ड क्रमांक 33 में सड़क निर्माण कार्य की अनुमति दिए जाने पर भी चर्चा की। चर्चा के बाद रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने डीआरएम पंकज त्यागी को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इससे क्षेत्रवासियों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर जेडआरयूसीसी सदस्य योगेंद्र सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *