पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने लगाई कांग्रेसियों की क्लास, आगामी विस चुनाव में जीतने दिया गुरुमंत्र…

इटारसी पहुंचे कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल भैया..

इटारसी। मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय सिंह राहुल भैयान वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव के पहले ही फील्ड पर उतरे हैं। वह मध्य प्रदेश के हर जिलों में पहुंचकर कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने की नसीहत भी दे रहे हैं। कुछ इसी तरह की क्लास बुधवार को इटारसी शहर में भी पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने लगाई। उन्होंने कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के लिए जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने का गुरुमंत्र भी दिया। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष की इस क्लास में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता शांति से बैठकर उनके विचार सुनते नजर आये। यह संवाद एवं कार्यकता सम्मेलन का आयोजन एक्सप्रेस 11 में जिला कांग्रेस कमेटी ने किया।

जनता के लिए संघर्ष से जीते जाते है चुनाव

कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने कहा कि चुनाव केवल मतदान के दिन नहीं जीते जाते, बल्कि चुनाव वर्षों तक जनता के बीच किए गए संघर्ष, संवाद और विश्वास से जीते जाते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं को अपना मुद्दा बनाकर निरंतर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में असफल रही है और आने वाला समय कांग्रेस के पक्ष में है, बशर्ते कार्यकर्ता पूरी मेहनत और ईमानदारी से संगठनात्मक कार्य करें।

कार्यकर्ता मजबूत होगा तो कांग्रेस जीतेगी

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक विचारधारा की प्रतिनिधि है। आज देश और प्रदेश में आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, व्यापारियों की परेशानियों और बिगड़ती कानून व्यवस्था से जूझ रही है। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे जनता के बीच जाकर उनकी आवाज बनें और उनके हक की लड़ाई लड़ें। कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, सेवा और त्याग का इतिहास है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ, अपने वार्ड और अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाए। जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें और कांग्रेस की नीतियों तथा जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो कांग्रेस की जीत निश्चित होगी।

हर वक्ता का अपना स्टाइल, कार्यकर्ताओं में भरा जोश,

संवाद कार्यक्रम और कार्यकर्ता सम्मेलन में हर वक्ता ने अपने स्टाइल में अपनी बात रखकर कांग्रेस को मजबूत करने के लिये कार्यकर्ताओं में जोश भरा। जिला कांग्रेस प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। संगठन को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस हमेशा आम जनता, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश होने वाला नहीं बल्कि संघर्ष करके परिस्थितियां बदलने वाला कार्यकर्ता है। उन्होंने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि जिले में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम आने वाले समय में दिखाई देगा।
विधानसभा प्रभारी नवनीत मालवीय ने कहा कि संगठन की मजबूती ही राजनीतिक सफलता की कुंजी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को उठाना चाहिए।  वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरिजा शंकर शर्मा ने कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने रखी भूमिका

कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी एवं अनुराग मलेया ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। जब कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहता है तो संगठन स्वतः मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि नगर कांग्रेस जनता के हर मुद्दे पर संघर्ष कर रही है और आगे भी जनहित की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

यह रहे शामिल

संवाद कार्यक्रम में जिले एवं विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *