एसपी ने शिकायत पर दिए जांच के आदेश
नर्मदापुरम। जिले में शिवपुर थाने के एक एएसआई, हवलदार तथा एक सिपाही की करतूतों का खुलासा एसपी नर्मदापुरम को की गई शिकायत में किया गया है। इन तीनों के इस कृत्य ने खाकी को दागदार करने का काम किया जिसकी पूरे महकमे में चर्चा है। इन तीनों खाकीधारियों ने तीन युवकों से कथित तौर पर पहले मारपीट की और फिर उन पर 40 हजार रुपए देने अड़ीबाजी की। मामले में।शिकायत के बाद इसकी जांच सिवनीमालवा एसडीओपी को सौंपी गई है।
यह हुई है शिकायत
पुलिस अधीक्षक से ग्राम बावरी घाट निवासी राज यदुवंशी ने शिकायत की हैं कि वह खेती बाड़ी करते है। हमारे गांव में 15 और 16 सितंबर 2025 की रात करीब 11:00 बजे शिवपुर थाने के ए.एस.आई प्रहलाद ठाकुर एवं हवलदार कृपाराम दायमा तथा सिविल ड्रेस में एक सिपाही शिवपुर थाने के पुलिस वाहन में आए थे। उन्होंने मेरे व मेरे साथी लालू यदुवंशी और आशीष यदुवंशी के साथ रास्ते में रोक कर डण्डे से मारपीट की। इसके बाद वे जबरिया अपनी गाड़ी में बैठाकर पहले शिवपुर थाने ले गये लेकिन हमें थाने से बाहर ही रखा और चन्द मिनिट में ही हमें सिवनी मालवा ले जाने लगे। उनका कहना था कि हमने दारू पी है इसलिए पकड़कर लाये हैं। उन्होंने हमें सिवनी मालवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के एक चिकित्सक से कहा कि इनका मेडिकल करो। हमारी हालत देखकर डॉक्टर ने हमसे पूछा कि क्या हो गया है। हमने सारा वाक्या उन्हें बताया कि सिविल ड्रेस में आये पुलिसकर्मी ने हमारे पास रखे दो लाख पैसठ हजार रूपये एवं एक सोने की चेन छीन ली है। डॉक्टर के सामने हुई यह बात सुनकर पुलिस वाले कहने लगे कि हमने पैसे नहीं लिये और बाहर निकलकर सिविल वर्दी में जो खुद को सिपाही बोल रहा था उसने हमें दो लाख साठ हजार रूपये व चेन वापस कर दी और पांच हजार रूपये अपने पास रख लिये। सिविल ड्रेस में आये सिपाही ने अस्पताल में ही अपनी वर्दी पहनी। उसकी वर्दी पर नेम प्लेट नहीं थी इस कारण हम उसका नाम नहीं जानते। किन्तु एएसआई प्रहलाद ठाकुर व हवलदार कृपाराम दायमा मुझे भलीभांति जानते हैं। यह लोग हमें पुलिस वाहन से ही रात्रि करीब 3:30 बजे पगढाल के रास्ते शिवपुर लेकर पहुंचे, जब तक देर रात हो चुकी थी। शिवपुर जाकर उन्होंने हमें थाने से दूर ही छोड दिया। जहां से हम रात्रि के दौरान् जैसे-तैसे अपनी जान जोखिम में डालकर सुबह अपने गांव पहुंचे। अगले दिन 16 सितंबर को ए.एस.आई. प्रहलाद ठाकुर व हवलदार कृपाराम दायमा दोबारा हमारे गांव आ गये। इस दौरान् एएसआई. प्रहलाद ठाकुर ने अपने मोबाइल नंबर 88462818234 से मेरे मोबाइल नंबर 9826880704 पर दिन में 3:55 मिनिट पर कॉल किया। लेकिन मोबाइल चार्जिंग में लगा होने के कारण मैं उठाने गया इसके पहले ही कट गया। मैंने इस नंबर पर कॉल किया तो ए.एस.आई. प्रहलाद ठाकुर ने धमकी देना शुरू कर दिया कि, तुम्हारा रात में मेडिकल हो गया हैं और अब केस दर्ज करने जा रहा हूं अगर बचना है तो तीनों लोग गांव के बस स्टेण्ड पर चालीस हजार रूपये लेकर आ जाओ। अगर नहीं आये तो जेल जाने के लिए तैयार रहो। उनकी इस धमकी से मैं बहुत डर गया और ये बात मैंने मोबाइल फोन पर थाना प्रभारी शिवपुर को बताई। उन्होंने आश्वस्त किया कि, तुम्हें डरने की जरूरत नहीं तुम्हारे खिलाफ कोई गलत कार्यवाही नहीं होगी। कुछ देर बाद ए.एस.आई. प्रहलाद ठाकुर एवं हवलदार कृपाराम दायमा गांव से चले गये। किन्तु करीब 2 घण्टे बाद फिर उनका फोन आया और उन्होंने फिर से चालीस हजार रूपये मांग की और नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दोहरा दी। शिकायतकर्ता राज यदुवंशी ने कहा कि गांव में सरपंच का चुनाव लड चुका हूं इस कारण कई लोग मेरे राजनैतिक दुश्मन हैं। शायद ये भी एक कारण हो सकता है कि, एएसआई मेरे गुप्त शत्रुओं से मिलकर मुझे प्रताडित कर रहे हैं। क्योंकि वह रात्रि के दौरान जब हमें सिवनी मालवा ले जा रहे थे तब खुलेआम धमकी दे रहे थे कि तेरी नेतागिरी को तो अब मैं चौपट करके ही रहूंगा। इन लोगों ने ये हरकत पुरानी रंजिश को लेकर की है। पिछले महीने अगस्त के पहले सप्ताह में ए.एस.आई. प्रहलाद ठाकुर ने हमारे गांव में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्यवाही की थी।
इनका कहना है


तीन युवकों ने मारपीट और अड़ीबाजी करने की शिकायत करते हुए तीन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए है। इस मामले की जांच एसडीओपी सिवनीमालवा को सौंपी गई है।
सांई कृष्ण थोटे, एसपी नर्मदापुरम
