
इटारसी। केसला स्थित आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय भरगदा में गुरुवार देर रात एक आदिवासी छात्र के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना ने स्कूल प्राचार्य मीनू नायर के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रावास में हुई इस घटना के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करने से रोकने के लिए प्राचार्य मीनू नायर ने बहुत कोशिश की मगर परिजनों ने थाने में मामला दर्ज करा ही दिया।
यह घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है, जब 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने नौवीं कक्षा के एक छात्र पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे बेरहमी से पीटा। पीड़ित छात्र ने अपने पिता के साथ केसला थाने में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उसे बेल्ट और प्लास्टिक पाइप से मारा गया। एफआईआर के अनुसार, यह मारपीट वार्डन की मौजूदगी में हुई, जब छात्रों ने उसे कमरे में ले जाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राचार्य ने की एफआईआर रुकवाने की कोशिश
एकलव्य आवासीय विद्यालय भरगदा में नौवीं कक्षा के छात्र की बुरी तरह पिटाई की घटना के बाद मामले को अंदर ही अंदर दबाने की कोशिश की गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल की प्रिंसिपल मीनू नायर, अधीक्षक और अन्य स्टाफ थाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित छात्र के परिजनों से एफआईआर दर्ज न कराने का आग्रह भी और कथित दबाव भी बनाया। लेकिन परिवार अपनी शिकायत पर कायम रहा और न्याय की मांग करते हुए मामला दर्ज कराया।
अभिभावकों में गुस्सा, बोले विद्यालय में मनमानी
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि नए स्टाफ के आने के बाद से विद्यालय में लगातार अप्रिय घटनाएं हो रही है।
हाल ही में एक और घटना सामने आई थी, जब छात्राओं को पीटीआई द्वारा दोपहर की तेज धूप में दौडने की सजा दी गई थी, जिसके कारण कई बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि उस मामले को भी प्रबंधन ने दबाने का प्रयास किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन के प्रति काफी नाराजी है और वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इनका कहना है
मुझे सुबह जानकारी मिली तो मैंने तुरंत मीटिंग बुलाई और चारों छात्रों को उनके अभिभावकों सहित बुलाया। छात्रों के कमरों और सामान की जांच कराई। कई बच्चों ने लिखित में बताया कि पहले भी कुछ छोटे बच्चों ने पैसे चोरी होने की शिकायत की थी
मीनू नायर, प्राचार्य एकलव्य आवासीय विद्यालय
