

इटारसी। शहर में अग्रवाल भवन के पीछे नजूल विभाग की बेशकीमती जमीन है। इस जमीन पर एक दिन में अतिक्रमण कर 11 गुमठियां तान दी गईं। शिकायत में गुमठियां निर्माण के पीछे कथित तौर पर अग्रवाल भवन की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था और नगरपालिका का नाम लिया गया है। हालांकि दोनों ही पक्षों ने उक्त निर्माण कार्य में संलिप्तता होने से मना कर दिया है। इन 11 अवैध गुमठियों की शिकायत एसडीएम कार्यालय में होने के बाद से हड़कंप मच गया है। इस अतिक्रमण की शिकायत पूर्व अग्रवाल भवन में बनाए गए हॉल की शिकायत करने वाले इंदिरा नगर यार्ड निवासी सुरेश चिचवारे ने की है।
यह हुई है शिकायत
शिकायत में कहा गया है कि अग्रवाल भवन इटारसी में अग्रवाल भवन की पूर्व दिशा में स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करके 1500 वर्गफुट में हॉल का निर्माण कर दिया गया है। इस सम्बंध में आवेदक द्वारा प्रस्तुत शिकायत पर तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा प्रतिवेदन दिनांक 05.09.2019 में अतिक्रमण की पुष्टि कर दी गयी थी। उक्त अतिक्रमण को हटाने के लिए आवेदक ने मान. उच्च न्यायालय, जबलपुर के समक्ष जनहित याचिका WP No. 21919/2022 प्रस्तुत की थी। उच्च न्यायालय ने दिनांक 09.11.2022 को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये थे। कार्यवाही से बचने के लिए अग्रवाल भवन ने उक्त भूमि का पट्टा प्रदान करने हेतु आवेदन-पत्र प्रस्तुत किया था। कलेक्टर ने दिनाक 06.05.2024 को उक्त आवेदन-पत्र निरस्त कर दिया था। इसके बाद भी उक्त अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इस संबंध में उच्च न्यायालय के समक्ष अवमानना याचिका प्रस्तुत की गई थी जो कि विचाराधीन है। पूर्व का अतिक्रमण नहीं हटाये जाने के कारण अग्रवाल भवन का दुस्साहस और बढ़ गया है। दिनांक 22.09.2025 को अग्रवाल भवन ने अग्रवाल भवन के पीछे स्थित लगभग 800 वर्गफुट में अतिक्रमण करके 11 गुमटियों का निर्माण किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त अतिक्रमण नगर पालिका परिषद् इटारसी के सहयोग से किया गया है। उक्त अतिक्रमण को शीघ्र हटाकर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए।
इनका कहना है
हमने पहले भी अग्रवाल भवन द्वारा सड़क पर हॉल बनाकर अतिक्रमण करने की शिकायत की थी जिसका मामला हाइकोर्ट में चल रहा है। अब हम ये शिकायत और प्रमाण हाईकोर्ट के सामने रखकर बताएंगे कि पहले वाले अतिक्रमण को हटाने के कोर्ट के आदेश का पालन ही नहीं हुआ और अब उसके पीछे फिर अतिक्रमण किया जा रहा है।
सुरेश चिचवारे, शिकायतकर्ता
नगरपालिका प्रशासन का उक्त निर्माण कार्य से कोई सरोकार नहीं है। वहां नगरपालिका ने कोई काम नहीं कराया है।
रितु मेहरा, सीएमओ इटारसी
हमने समाज की बैठक में अग्रवाल भवन के पीछे हुए निर्माण के बारे में बात की थी। हमें बताया गया कि उक्त काम समाज नहीं करा रहा है। इसके बाद ही हमने सोशल मीडिया पर उक्त अवैध निर्माण का खुलासा किया था।
अजय अग्रवाल, व्यवसायी
शिकायत में समाज की समिति पर अतिक्रमण करने के आरोप लगाए जा रहे हैं उनमें सत्यता नहीं है। समाज ने किसी जमीन पर कोई भी अतिक्रमण नहीं किया है।
सुरेश गोयल, अध्यक्ष अग्रवाल समाज
