इटारसी। इटारसी शहर में किन्नरों के दो गुटों में चल रहा विवाद किसी दिन बड़ी गैंगवॉर का कारण बनेगा। यह हालात इसलिए बन रहे हैं क्योंकि बधाई वसूली को लेकर दोनों गुट एक दूसरे से अब तक मौखिक तौर पर लड़ रहे थे मगर बुधवार को विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। किन्नरों के एक गुट ने दूसरे गुट के साथ जमकर मारपीट कर दी। किन्नरों ने एक दूसरे के कपड़े तक फाड़ डाले। बाद में यह मामला सिटी थाने पहुंचा।
यह है मामला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इटारसी निवासी किन्नर मीरा, पिंकी, आश्मा कुछ सालों के लिए बाहर चले गए थे। इस दौरान किन्नरों का दूसरा गुट रेशमा और तमन्ना के नेतृत्व में इटारसी में सक्रिय हो गया। कुछ सालों के बाद जब बाहर गए किन्नरों का गुट वापस लौटा और शहर में बधाई वसूली करने लगा। इसकी जानकारी दूसरे गुट को मिली तो दोनों पक्षों में विवाद होने लगा।
स्वप्नेश्वर मंदिर क्षेत्र में हुआ झगड़ा
पिछले 2 माह से किन्नरों के दोनों गुटों में बधाई वसूली को लेकर सुलग रही चिंगारी बुधवार सुबह उस वक्त धधक उठी जब नाला मोहल्ला निवासी रेशमा और तमन्ना किन्नर का गुट स्वप्नेश्वर हनुमान मंदिर के पास रह रहे दूसरे किन्नरों के गुट के पास जा पहुंचे। वसूली को लेकर शुरू हुई बहस चंद मिनटों में मारपीट में बदल गई। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर जमकर लात घूंसे बरसाए। दोनों ही गुटों के किन्नरों ने एक दूसरे को नग्न तक कर डाला जिससे वहां रहने वाले लोगों को असहज महसूस करना पड़ा। बाद में यह मामला सिटी थाने भी पहुंचा। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले इटारसी के किन्नरों ने बाबई में भी एक घर में घुसकर दो किन्नरों को वसूली की बात को लेकर जमकर पीटा था। इस मामले में सिटी पुलिस ने कहां कि मामले में शिकायत आई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर इस मामले में किन्नरों के मुखिया गौरी बाई किन्नर ने कहा कि स्वप्नेश्वर हनुमान मंदिर क्षेत्र वाला गुट पहले ट्रेनों में वसूली करता था और अब वे लोगों के घरों में जाकर वसूली करते हैं और अभद्रता भी करते है। हमारा कहना है कि वे लोग अब हमारे क्षेत्र में क्यों घुस रहे हैं। वे जहां पहले जाते थे वहीं जाकर काम करें।

