नर्मदापुरम। मुख्य वन संरक्षक वनवृत्त नर्मदापुरम अशोक कुमार एवं वनमंडल अधिकारी नर्मदापुरम मयंक सिंह गुर्जर के निर्देशन में वनमंडल नर्मदापुरम के 55 वन रक्षक व वनपाल अमले की एक टीम ने सीहोर जिला स्थित ग्राम सिगलेना में एक फर्नीचर मार्ट पर छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई में मार्ट पर सागौन चरपट के 600 नग देखकर विभागीय टीम के भी होश उड़ गए। टीम ने लकड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई बुधवार 19 नवंबर को हुई। आपको बता दें कि सीसीएफ अशोक कुमार और डीएफओ मयंक सिंह गुर्जर को सीहोर जिला स्थित उक्त फर्नीचर मार्ट के संबंध में कथित तौर पर इनपुट मिला था। इनपुट मिलने के बाद विभागीय टीम में 55 कर्माचारियों अफसरों को शामिल कर ग्राम सिगलेना जिला सीहोर स्थित फर्नीचर मार्ट भेजा गया। मार्ट की तलाशी ली गई, जिसमें तीन अलग-अलग स्थानों पर भारी मात्रा में अवैध रूप से संधारित लगभग 600 नग सागौन की चरपट पाई गई। तलाशी के दौरान संबंधित के द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तथा जब्त सामग्री पर किसी भी प्रकार का शासकीय हैमर मार्क भी नहीं पाया गया। प्रथम दृष्टया अवैध भंडारण पाए जाने पर समस्त चरपट को विधिवत जप्त कर मौके पर आवश्यक कार्यवाही की गई। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस अमला भी सहयोग हेतु उपस्थित रहा तथा सम्पूर्ण कार्यवाही स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधि अनुसार की गई।

