

इटारसी। तेज बारिश के बाद शहर के निकले इलाकों में पानी भर गया। सड़कों और लोगों के घरों में पानी भरने से लोगों की फजीहत हुई। सड़कों पर बदहाल स्थिति की तस्वीरों ने नगरपालिका प्रशासन के बारिश पूर्व किए गए होमवर्क की पोल खोलकर रख दी। सड़कों और घरों में पानी भरने के कारण लोगों में नगरपालिका प्रशासन की व्यवस्थाओं के प्रति खासी नाराजी भी नजर आई। सोमवार शाम चार बजे शुरू हुई करीब एक घंटे की तेज बारिश ने पूरे शहर में हालात बदतर कर दिए। तेज बरसात के कारण शहर के तिरुपति कालोनी, महर्षि नगर, बैंक कालोनी, आवाम नगर, बंगलिया, ग्वाल बाबा मेहरागांव नदी, न्यास कालोनी, एमजीएम कालेज चौराहा पर पार्षद अमित विश्वास की दुकान में, आरएमएस आफिस रोड की दुकानों, जवाहर बाजार की दुकानों, पुरानी इटारसी के निचले क्षेत्रों और सड़कों पर नगर पालिका परिसर की दुकानों, लाइन एरिया, राधाकृष्ण मार्केट, गांधी स्टेडियम के पास की दुकानें, देशबंधुपुरा, गांधीनगर, पुरानीइटारसी में श्रीकृष्णा विहार कालोनी सहित आसपास के क्षेत्र में भी जलभराव हो गया है। भारी बारिश के बाद नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ऋतु मेहरा ने नगर पालिका अमले के साथ निचली बस्तियों का दौरा करके पानी निकासी के प्रयास किये। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने शहर का दौरा किया और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों को समझने लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेहद तेज बारिश से जलभराव की स्थिति बनी है और इसके बाद बारिश का पानी तेजी से निकल भी रहा है। पुरानी इटारसी में स्थिति जल्दी सामान्य हो रही है, सूरजगंज एरिया में पानी निकलने में थोड़ा वक्त लग रहा है। उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि अभी शहर के समीप से निकलने वाली पहाड़ी नदियों में पानी नीचे बह रहा है, इसलिए हालात गंभीर नहीं हुए हैं। उन्होंने पुरानी इटारसी, नाला मोहल्ला, एलकेजी कालोनी एरिया, राठी दाल मिल, सूरजगंज आदि क्षेत्र में दौरा कर जलभराव की स्थिति का आकलन करके अमले को राहत कार्य के निर्देश दिये हैं कि। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा ने सफाई विभाग अमले के साथ नगर की अनेक बस्तियों में दौरा किया। उनकी टीम ने काबड़ मोहल्ला, पिंक सिटी के पास स्थित नाला, सनखेड़ा नाका, अवाम नगर, ओझा बस्ती, नई गरीबी लाइन, एमजीएम कालेज चौराह, नदी एरिया मालवीयगंज, नाला मोहल्ला क्षेत्र में दौरा किया और जहां जलभराव की स्थिति थी, वहां सफाई अमले को निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
