
इटारसी। पिछले कुछ दिनों से हॉकी संघ के नाम पर चल रही उठापटक के बीच नर्मदापुरम इटारसी विधायक डॉ सीतासरन शर्मा सामने आए। उन्होंने हॉकी संघ के नाम से शहर और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर खुलकर जवाब देते हुए कहा कि केवल जिला हॉकी संघ ही वैध संगठन है उसके अलावा हाल ही में बना नया संगठन नर्मदापुरम हॉकी संघ की कोई वैधता नहीं है। विधायक डॉ शर्मा ने पूर्व सचिव कन्हैया गुरयानी को भी जमकर लपेटा।
पत्रकार वार्ता में विधायक डॉ शर्मा ने कहा कि
हॉकी संघ को लेकर सोशल मीडिया में काफी चर्चा है कि हॉकी जीतेगी या राजनीति, यह कहना ठीक नहीं है। हम यही कहेंगे कि गुरयानी नहीं है तो हॉकी है अगर वे रहते तो हॉकी खत्म हो जाती क्योंकि वे अपने मनमाने ढंग से काम कर रहे थे। हमने उन्हें कहा था कि आप सम्मान से इस्तीफा दे दीजिए मगर उन्होंने पूरी बॉडी भंग करके खुद के हाथ में कमान लें ली थी। उन्होंने गांधी मैदान को राजनीती का मैदान बना दिया था। हमने अपने कार्यकाल में कभी दखल नहीं दिया मगर जब बच्चों का नुकसान किया जाने लगा तब हमे आगे आना पड़ा। अब हम कन्हैया गुरयानी से हर एक चीज का हिसाब लेंगे। हमारे साथी वसीम खान के पास पूरी लिस्ट है कि किस तरह उन्होंने झूठे आधार बनाकर ज्यादा उम्र के बच्चों को खिलवाया। ऑर्डिनेंस के बच्चों को कभी मौका नहीं दिया गया। इस सब भ्रष्टाचार को लेकर हमने प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करने की शिकायत की है। एसपी को भी एफआईआर करने की शिकायत की है। यहां एक बात और बता दें कि हॉकी संघ जबलपुर ने उनको सचिव पद से हटा दिया है और शासन ने कुछ पद से। हमारा जिला हॉकी संघ ही वैध है। उनका संघ अवैध है। उन्होंने रज्जू तोमर को अध्यक्ष बनाया है जिनका शहर में ही भरोसा नहीं है। उन्होंने बगल के प्लॉट पर कब्जा कर रखा है। ऐसे आदमी को उन्होंने अध्यक्ष बनाया है। मुझे एक जानकारी और मिली है कि वे जब कोई टूर्नामेंट कराते थे तो खिलाड़ियों से पैसा लेते थे। अब इन सब बातों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद एक बड़ी स्पर्धा कराएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महात्मा गांधी स्वर्ण कप हॉकी स्पर्धा को नगरपालिका आयोजित करेगी और जिला हॉकी संघ उसमें सहयोग करेगा। हम सब मिलकर हॉकी को बेहतर स्तर पर ले जाने का पूरा प्रयास करेंगे।पत्रकार वार्ता में वसीम खान ने भी हॉकी संघ के पूर्व कार्यकाल में हुई अनियमितताओं की भी जानकारी दी।
