इटारसी। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में किसानों की समस्याओं और राहुल गांधी के वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को केंद्रबिंदु में रखकर किसान खेत न्याय यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में शामिल होने मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे। पटवारी का इटारसी आगमन होने पर शहर में भव्य स्वागत सत्कार किया गया। इसके बाद द्वारिकाधीश मंदिर स्थित तुलसी चौक पर आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा के मंच से केंद्र सरकार, मध्यप्रदेश सरकार और नर्मदापुरम जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखे हमले किए गए।
मंच से जमकर बरसे कांग्रेस नेता। सभा में नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस ने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। जिनमें स्मार्ट मीटरों का विरोध, व्यापारियों पर टैक्स वृद्धि, सोमवारा बाजार जैसे अनेक मुद्दे शामिल हैं। नर्मदापुरम जिले में किसानों के सामने में खाद की समस्या बड़ी है जिसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का सहयोग आवश्यक है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पांडे ने कहा कि वर्ष 2027 में जिले में नई कांग्रेस दिखाई देगी। हम सभी नगरपालिकाएं जीतेंगे। कांग्रेस अभी से ही पूरी ताकत से सक्रियता से जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगी। पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा ने कहा कि
वोट चोरी सब जगह हो रही है। नर्मदापुरम जिला भी इससे बचा नहीं है। यहां भी वोटर लिस्ट की जांच होना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूरे प्रदेश में सक्रिय हैं जिसका असर भी दिखने लगा है। हमने 20 साल बाद इटारसी में कांग्रेस में ऐसा उत्साह दिखा है।
30 साल के सभी सांसद विधायकों को लपेटा
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय शर्मा ने कहा कि इटारसी में जनसैलाब का उमड़ना राहुल गांधी की वोट चोरी यात्रा की मेहनत का प्रमाण है। भाजपा सरकार के राज में किसान और आम जनता परेशान है। मूंग भुगतान किसानों को नहीं मिल रहा है, कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम काटने जैसे काम हो रहे हैं। हमें अभी से ही सतर्कता से काम करना है। पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि तीस साल से ज्यादा समय से भाजपा का राज है नर्मदापुरम क्षेत्र में । कांग्रेस ने जो पहचान इटारसी को दी थी उसे मिटाने के काम भाजपा सांसद और विधायकों ने किया है। यहां भाजपा के उन नेताओं ने कोई काम नहीं किया है। देश में सबसे झूठे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान साबित हुए है। क्योंकि उनकी किसानों की कर्जमाफी की घोषणा आज तक अधूरी है। किसान आज बहुत परेशान है और कर्ज में।हुआ। किसानों ने शिवराज सिंह के कार्यकाल में सबसे ज्यादा आत्महत्या की है। किसानों की लड़ाई प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी लड़ रहे हैं। इटारसी में जुआ सट्टा शराब चरम पर है क्योंकि नेता और पुलिस का संरक्षण है। आने वाला नपा चुनाव है जो सेमी फाइनल है उसमें हमें कांग्रेस को जिताकर फाइनल की तैयारी करना है।
वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि आज पूरे प्रदेश की नजर जीतू पटवारी पर लगी है। वे हर वर्ग के लिए प्रदेश में संघर्ष कर रहे है। कांग्रेस किसानों के साथ ही जनता की समस्याओं के लिए लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इन सब समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष पटवारी बोले मोदी, चुनाव आयोग और आरएसएस कर रहे वोट चोरी
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंच से जनता को तवज्जो दी और कहा कि जो जनता सामने बैठी है वो सबसे बड़ी है। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। आम जनता का वोट खतरे में है। पीएम नरेंद्र मोदी ने देश का वातावरण ऐसा बना दिया है। 2014 के पहले मनमोहन सिंह ने मंदी में भी देश को कमज़ोर नहीं करने दिया। तब 2014 में मोदी ने आकर झूठे जुमले बाजी से सत्ता संभाली। उसके बाद कई राज्यों में सरकार एक साल में राज्यपाल के सहयोग से गिरा दी। मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति में मनमानी पीएम मोदी और अमित शाह ने की है। विधायकों की खरीद फरोख्त कर सरकार गिराने का गंदा खेल भी उन्होंने शुरू किया। अब मोदी, चुनाव आयोग, rss जनता की वोट चोरी करा रहे है। राहुल गांधी चुनाव आयोग से सवाल पूछ रहे है तो वोट चोरी पर मगर जवाब देने भाजपा सामने आ रही है। इन स्थितियों को समझते हुए कांग्रेस को मजबूत करना है। जीतू पटवारी ने मंच वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे भी लगवाए।
शहर में जगह जगह स्वागत, जमकर हुई नारेबाजी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुरानी इटारसी में आजाद चौक, हाउसिंग बोर्ड तिराहा, सुदामा मैरिज हॉल के पास, शनि मंदिर के सामने भव्य स्वागत किया। एसीसी तिराहे पर भी प्रदेश अध्यक्ष पटवारी का स्वागत कन्हैया गोस्वामी, अजय शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। एसीसी से पैदल यात्रा करते हुए पीसीसी चीफ सभास्थल पर पहुंचे।
मंच पर दिखी गुटबाजी की परछाई
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की सभा के लिए बनाए गए मंच गुटबाजी की छाया अलग नजर आई। मंच पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डन पांडे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल से जुड़े लोगों की उपस्थिति ज्यादा दिखाई दी। किसानों से जुड़ी यात्रा के बावजूद जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष बाबू चौधरी मंच पर जगह नहीं मिली। इसके अलावा स्थानीय नपा के कथित भ्रष्टाचार के मामलों का खुलासा करने वाले चेहरे भी मंच के आसपास नजर नहीं आए। कई चेहरों की मंच से गैरमौजूदगी ने शहर में नई चर्चा को हवा दे दी है हालांकि कांग्रेस सबके एकजुट होने के दावे दोहरा रही है।

