जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता

जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 19 सितंबर को इटारसी में किसान खेत यात्रा के साथ ही वोट चोर-गद्दी छोड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तुलसी चौक पर आमसभा भी होगी जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष सिंघार, वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल व पूर्व विधायक संजय शामिल होंगे। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे ने कहा कि यह यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा साबित होगी जिसमें करीब 8 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है। हमने पूरे जिले में कांग्रेस के कर्मठ साथियों को इस यात्रा से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया है। यह यात्रा पुरानी इटारसी से शुरू होकर सिटी थाने, पहली लाइन सहित मुख्य मार्ग से तुलसी चौक पर पहुंचेगी।
कांग्रेस में भाजपा की स्लीपर सेल पर बोले जिलाध्यक्ष
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार से अब जनता त्रस्त हो गई है। पूरे प्रदेश में हालात खराब हो रहे है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यह यात्राएं आयोजित हो रही है ताकि आम जन की समस्याओं को उठाया जा सके। नगरपालिका चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुटता के साथ काम कर रहे हैं इस बार हम जिले की सभी नगरपालिकाओं में जीतेंगे। कांग्रेस में रहकर भाजपा से हाथ मिलाने वाले स्लीपर सेल चेहरों से जुड़े पर उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। इस मामले में।कांग्रेस के नेता राहुल गांधी भी बहुत सख्त है। जिनको जाना था वे जा चुके हैं। अब वे पछता रहे हैं और हमसे संपर्क में बने हुए हैं ताकि वापसी कर सके मगर अब वो संभव नहीं है। जो लोग अब कांग्रेस में हैं उन सब पर भी नजर रखी जा रही है। जो इस तरह के कामों में लिप्त रहेंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
व्यक्तिगत विरोध करने से बचेगी कांग्रेस
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पांडे ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस मुखरता से विरोध करती है और आगे भी करेगी मगर किसी के व्यक्तिगत विरोध के मामले में कांग्रेस कोई कदम नहीं उठाएगी। उन्होंने कहा कि हमने सोमवारा बाजार को लेकर इटारसी नपा कार्यालय में सीएमओ रितु मेहरा से मुलाकात की थी जिस पर उन्होंने संज्ञान लेकर बाजार में कुछ व्यवस्थाएं कराई हैं। अधिकारियों से यदि हम सम्मान से बात करते हैं तो कई जनहित के काम कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हम जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में एक डेस्क चालू कर रहे हैं जिस पर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल, ओम सेन, जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार, नंदू वर्मा, गजानन तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
मंच पर रहेंगे चुनिंदा चेहरे
तुलसी चौक पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी की जो आमसभा होना है उसके लिए सजने वाले मंच को लेकर भी होमवर्क चल रहा है। मंच पर किन चेहरों को जगह मिलेगी इसकी सूची तैयार की जा रही है। जिलाध्यक्ष पांडे ने इस विषय में ज्यादा कुछ नहीं कहा मगर उनकी बात ने यह संकेत जरुर दिए हैं कि मंच पर इस बार चुनिंदा चेहरे ही दिखेंगे। अब अगर कांग्रेस के मंच को लेकर यह फॉर्मूला लागू होता है तो कई चेहरों को प्रदेश के उन बड़े नेताओं के आजू बाजू में बैठने के अवसर से हाथ धोना पड़ सकता है। मंच पर लागू किया जाने वाला यह फॉर्मूला आमसभा के बाद कांग्रेसियों में ही फूट डलने का बड़ा खतरा पैदा कर सकता है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में मंच पर बैठने को लेकर एक बड़ी आमसभा में कांग्रेस के दो नेताओं के बीच ही विवाद हो गया था। कांग्रेस के इस विवाद ने कांग्रेस की जमकर किरकिरी कराई थी और भाजपा को शब्दों के बाण छोड़ने का मौका मिल गया था।
