इटारसी। पुरानी इटारसी सनखेड़ा सड़क स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी के कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला और आसपास के जमीन मालिकों की आपस में ठन गई है। आसपास के जमीन मालिकों ने सड़क के छोड़ी गई जमीन को शासकीय बताते हुए उस पर पक्का निर्माण कर रास्ता बंद करने की शिकायत कलेक्टर नर्मदापुरम और एसडीएम इटारसी को की है। पुरानी इटारसी में सनखेड़ा मार्ग पर रॉयल सिटी कॉलोनी बनाई गई है। कॉलोनाइजर ने शिकायतकर्ताओं की शिकायत को गलत करार दिया है और अपना जवाब प्रशासन के समक्ष रखने की बात कही है।
यह है मामला
रॉयल सिटी कॉलोनी के पास वाले क्षेत्र में कृपेश यादव आ. श्री महेश कुमार यादव निवासी कालका नगर, नर्मदापुरम व ईशान अग्रवाल,रूबी अग्रवाल दोनो बल्द स्व. राजीव अग्रवाल निवासी देशबंधुपुरा, इटारसी तथा अमित जायसवाल निवासी ईशान परिसर, नर्मदापुरम के हक व स्वामित्व की कृषि है। यह भूमि रॉयल सिटी कॉलोनी, सनखेड़ा नाका के पास स्थित है। इन्हीं जमीन मालिकों ने कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला की शिकायत की है।
यह हुई शिकायत
प्रशासन को हुई शिकायत में कहा गया है कि रॉयल सिटी कॉलोनी एक टी. एन.सी.पी. एप्रुव्ड कॉलोनी है। उपरोक्त कॉलोनी के नक्शे में रास्ते के लिये सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा करते हुए बिना किसी अनुमति के कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला निवासी दशमेश कॉलोनी इटारसी द्वारा अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है। कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला ने अवैध निर्माण कार्य करने हेतु सामग्री एकत्रित कर ली है एवं रास्ते पर अतिक्रमण का अवैध निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। आवेदको द्वारा कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला से मना करने के बाद भी वे काम बंद नहीं कर रहे हैं और विरोध करने पर आवेदको को धमकाते है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि कॉलोनाइजर द्वारा अवैधानिक रूप से रास्ते की भूमि पर अतिक्रमण कर जबरिया निर्माण कार्य बिना किसी वैधानिक अनुमति के किया जा रहा है जिससे आवेदक के हक व स्वामित्व की भूमि पर आने-जाने का रास्ता अवरूद्ध हो रहा है साथ ही अन्य प्लाट वालें का भी रास्ता अवरूद्ध हो रहा है। कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला द्वारा हठधर्मिता कर अवैध निर्माण कार्य को बंद नहीं किया जा रहा है। प्रशासन को इस मामले में संज्ञान लेकर तत्काल काम बंद कराना चाहिए और जांच करानी चाहिए।
कॉलोनाइजर का पक्ष
जमीन मालिकों की शिकायत को लेकर जब रीजनल वॉइस अखबार ने कॉलोनाइजर अमरजीत सिंह चावला से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि जमीन मालिकों द्वारा उन पर गलत आरोप लगाए जा रहे है। जिस जगह की बात कर उस पर अतिक्रमण करने की शिकायत की गई है असल में वह जमीन सरकारी नहीं है बल्कि निजी जमीन है। जमीन मालिकों के आवागमन के लिए दूसरी जगह से सरकारी रास्ता खुला हुआ है उस पर कोई भी निर्माण कार्य हमारे द्वारा नहीं किया जा रहा है। अगर प्रशासन हमसे मामले जवाब मांगेगा तो हम भी दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष स्पष्ट कर देंगे।
इनका कहना है
जो शिकायत आई है। उसका परीक्षण कराया जाएगा। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।
टी प्रतीक राव, एसडीएम इटारसी


