मुख्यमंत्री का पुतला जलाने पुलिस से भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता, जमकर हुई झुमाझटकी…

इटारसी। रतलाम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भाजपा कार्यकताओ ने कथित तौर पर हमला किया था उसके बाद से कांग्रेस में गुस्सा भड़क उठा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हुए हमले के बाद कांग्रेस ने शहर के जयस्तंभ चौक पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री का पुतला जलाने के लिए अलर्ट मोड में खड़े पुलिसकर्मियों से खासी झूमाझटकी तक करना पड़ी। पुलिसकर्मियों की सक्रियता के चलते कांग्रेस कार्यकर्ता आधा अधूरा ही पुतला जला सके क्योंकि जलते पुतले को पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए और उसकी आग बुझा दी। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। विरोध प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी जमा हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी तादाद और विरोध प्रदर्शन में दिखी जीवटता ने कांग्रेस के फिर से पैरों पर खड़ा होने की कोशिश को इंगित किया। पुतला दहन के मौके पर जयस्तंभ चौक पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाडेय ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता गुंडागर्दी कर रहे है और शासन प्रशासन उनका साथ दे रहा है।  कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमला उसी का परिणाम है। कांग्रेस इस कायराना हमले का विरोध करती है। प्रदेश सचिव केलु उपाध्याय ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सरकार को अड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सक्रियता और भाजपा का असली चेहरा उजागर करने से भाजपा डरी हुई है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल ने कहा कि भाजपा की गुंडागर्दी और तानाशाही से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को और जनता को दबाने का प्रयास कर रही है। ऐसे कृत्य से भाजपा देश को बहुत गलत दिशा में ले जा रही है। इस अवसर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष बाबू चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेसी अशोक जैन नेताजी, पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज राठौर, संजय गोठी, पार्षदो में अमित कापरे, संजय ठाकुर, दिलीप गोस्वामी, नारायण सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष छाया चौरे, सेवादल अध्यक्ष करण सिंह भदोरिया, पूर्व सरपंच राकेश चंदेले,  रामशंकर सोनकर, गुफरान अंसारी, सोनू बकोरिया, पिंकी शर्मा चंद्रकांत बहरे सहित अन्य लोग मौजूद थे।