इटारसी। जिले के दो बड़े नगरीय निकायों में पिछले एक सप्ताह के दौरान दो भारी भरकम बजट पेश किए गए। पहले नर्मदापुरम नगरपालिका ने करीब सवा अरब का बजट पेश किया था अब इटारसी नगरपालिका ने दो कदम आगे बढ़कर 3 अरब 33 करोड़ से ज्यादा का बजट पेश कर चौंका दिया है। जानकारों का मानना है कि इटारसी नगरपालिका ने वर्ष 2025-26 के बजट का जो प्रपत्र जनप्रतिनिधियों को दिया उसमें एक चतुराई दिखाई ताकि विवादों से बचा जा सके। इस प्रपत्र में गत वर्ष की वास्तविक आय और वास्तविक व्यय को सामने रखने से परहेज किया गया है। नपा के इस कदम के राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
बस दो पार्षदों ने उठाई बात
इटारसी नगरपालिका परिषद ने इस बार का जो बजट पुस्तिका तैयार कर पार्षदों को वितरित की तो 33 पार्षदों में से 31 पार्षदों का ध्यान इस चतुराई पर नहीं गया। केवल वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिवकिशोर रावत और लोक निर्माण विभाग सभापति कल्पेश अग्रवाल ने इस कमी पर ध्यान दिया और गत वर्ष की जानकारी मांगी और इस बार के बजट प्रपत्र से गत वर्ष के वास्तविक आय व्यय की जानकारी छिपाने पर नाराजी दर्ज कराई। दोनों पार्षदों ने यहां तक कहा कि पूर्व की परिषदों में वास्तविक आय व्यय की जानकारी नए सत्र के बजट प्रपत्र में ही देने की परंपरा रही है। यह पहली बार हो रहा है कि गत वर्ष की वास्तविक आय व्यय की जानकारी नहीं दी गई है।
यह हो रही चर्चा
इटारसी नगरपालिका के बजट प्रपत्र से गत वर्ष की वास्तविक आय व्यय की जानकारी नदारत रहने के मामले में अलग अलग तरह की चर्चाओं को हवा मिल गईं है। राजनीतिक गलियारों में यह कहा जा रहा है कि बजट प्रपत्र से वास्तविक आय व्यय की जानकारी इसलिए छिपाई गई ताकि कई चीजों पर पर्दा पडा रहे। गत वर्ष की जानकारी परिषद के पटल पर आने से कई मदो में किए गए भुगतान को लेकर आरोप प्रत्यारोप के हालात भी बन सकते हैं। इन्हीं विवादों से बचने इस बार बजट प्रपत्र से वास्तविक आय व्यय की जानकारी विलोपित की गई है।
किसने क्या कहा
हमने बैठक में गत वर्ष की वास्तविक आय व्यय की जानकारी बजट प्रपत्र में नहीं देने पर आपत्ति जताई थी। परिषद की बैठक में उसकी जानकारी बाद में देने का बोला गया है। जनप्रतिनिधियों को यह तो पता चलना चाहिए कि गत वर्ष कहां कितना खर्च हुआ है और वो भी सही तरीके से हुआ है या नहीं। हम वास्तविक आय व्यय की जानकारी लेकर उसका अध्ययन करेंगे।
शिवकिशोर रावत, भाजपा पार्षद वार्ड 4
हमने बैठक में साफ तौर पर कहा कि बजट में आगामी कार्ययोजना और उस पर अनुमानित खर्च बताया गया है। पिछले वर्ष किस मद में कितना खर्च हुआ इसकी जानकारी सामने रखना चाहिए थी ताकि पारदर्शिता रहे। बैठक में हमें गत वर्ष की वास्तविक आय व्यय की जानकारी देने का आश्वासन दिया गया है।
कल्पेश अग्रवाल, सभापति लोनिवि नपा इटारसी
हमारे पास दो दिन पहले बजट की बैठक का पत्र भर आया था। पत्र के साथ बजट की कॉपी नहीं भेजी थी। आज बैठक में गए तब पता चला कि प्रपत्र में गत वर्ष की वास्तविक आय व्यय की जानकारी ही नहीं है। इसकी जानकारी ली जाएगी और अगली बार से इस ध्यान दिया जाएगा।
अमृता ठाकुर, सभापति राजस्व विभाग नपा इटारसी
बजट प्रपत्र में इस बार गत वर्ष की वास्तविक आय व्यय की जानकारी नहीं दे पाए हैं। बैठक में पार्षदों ने इस तरफ ध्यान आकर्षित कराया है। जो भी पार्षद मांगेंगे तो विधिवत पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जो लोग उसके गलत मायने निकाल रहे हैं उसका कोई आधार नहीं है। जानकारी देने में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी।
पंकज चौरे, नपाध्यक्ष इटारसी
