नेवैद्यम और द ब्रदर्स ढाबों पर पुलिस की रेड, अवैध शराब पकड़ाई


इटारसी। होली के त्योहार के चलते सिटी पुलिस ने ढाबों से होने वाले शराब सप्लाई के अवैध कारोबार की नकेल कसने आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान से ढाबा संचालकों में हडक़ंप मच गया। सिटी पुलिस ने डोलरिया रोड स्थित नैवेद्यम ढाबा और द ब्रदर्स ढाबा पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इन ढाबों पर अवैध रूप से शराब परोसी और बेची जा रही है। पुलिस टीम ने दबिश देकर कुल 22.25 लीटर शराब जब्त की, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 7,690 रुपए बताई जा रही है। जब्त किए गए स्टॉक में विदेशी शराब की बोतलें, देसी मसाला शराब और बीयर के केन शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अवैध भंडारण के मामले में पुलिस ने दो लोगों को नामजद कर गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन पाटनकर (30) निवासी नाला मोहल्ला, इटारसी और करन ठाकुर (28) निवासी मेहरागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के ठिकानों पर निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *