बाकी की दुकानों की जल्द होगी नीलामी
नर्मदापुरम। जिले में 62 शराब दुकानों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हो गई है। छोटे और नए कारोबारियों को मौका देने के लिए जिले की इन 62 दुकानों को 14 समूहों में बांटा गया है। पहले चरण में तीन समूहों की 13 दुकानों के टेंडर फाइनल हो गए हैं, जिनसे सरकार को भारी मुनाफा हुआ है। नई शराब नीति के तहत अब दूसरे और तीसरे चरण की दुकानों की नीलामी होना बाकी है।
जानकारी के अनुसार, 2 मार्च को 5 समूहों के लिए टेंडर होने थे, लेकिन इनमें से तीन समूहों की 13 दुकानों के ठेकों की ही नीलामी हो सकी। इन 13 दुकानों के ठेके 88 करोड़ 70 लाख 72 हजार रुपए में नीलाम हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार नए लाइसेंसी ने 27.66 फीसदी यानी 19.22 करोड़ रुपए अधिक कीमत पर दुकानें खरीदी हैं। पिछले साल इन्हीं दुकानों के ठेके 69.48 करोड़ रुपए में गए थे। जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर और सहायक आबकारी अधिकारी राहुल ढोके ने बताया कि वर्ष 2026-27 में नई शराब नीति के तहत दुकानों का आरक्षित मूल्य 20 फीसदी बढ़ा दिया गया था। जिन तीन समूहों की 13 दुकानों की नीलामी हुई है, उनका नया निर्धारित आरक्षित मूल्य 83 करोड़ 38 लाख 10 हजार 790 रुपए रखा गया था।

नीलामी में दो समूह अर्चना शिवहरे को मिले हैं, जबकि इटारसी की चार दुकानों वाला एक ग्रुप अजय यादव लाइसेंसी फर्म ने लिया है। आबकारी विभाग के मुताबिक, नई व्यवस्था से 13 दुकानें 27.66 फीसदी अधिक कीमत में नीलाम हुई हैं, जिससे सरकार के खजाने में सीधे 19.22 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। बाकी बचे 11 समूहों की दुकानों के टेंडर की प्रक्रिया अभी जारी है, जिसके बाद मुनाफे का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
