ग्राम खापा के पास की घटना
नर्मदापुरम। जिले के सेमरी हरचंद क्षेत्र में ग्राम खापा के पास सागौन तस्करी करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बागड़ा बफर और कामती रेंज के स्टाफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन से 17 नग सागौन के ल_े जब्त किए हैं। टीम को देखकर चालक मौके से वाहन छोडक़र फरार हो गया। मामले में एसटीआर की टीम जांच में जुटी है।
रेंजर विलास डोंगरे ने बताया कि रविवार रात ढाबा से सेमरी हरचंद मार्ग पर वनग्राम खापा के पास टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोडक़र मौके से भाग गया। टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें 17 नग सागौन के ल_े रखे मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
वाहन राजसात करने की तैयारी
पिकअप वाहन को जब्त कर गांव के ही एक ट्रैक्टर से टोचन कर वनरक्षक निवास खापा कैम्प लाया गया। यहां प्रकरण तैयार कर वाहन को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन द्वारा ग्राम मगरिया से सागौन ल_े लाना पाया गया, जो सामान्य वनमंडल क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

रेंजर डोंगरे के अनुसार जब्त महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 05 जी 6388 पूर्व जनपद सदस्य रामस्वरूप धुर्वे निवासी मगरिया के नाम पर पंजीकृत है। पूरे मामले में एसटीआर की टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।
