
नर्मदापुरम। माखननगर नगर के एक नामी गिरामी परिवार का नाम एक बार फिर चर्चा में आया है। इस बार यह मामला एक टेंट व्यवसाई के साथ हुई घटना से जुड़ा हुआ है। माखन नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष और सराफा व्यापारी मिलन डेरिया और उनके पुत्र अमन डेरिया पर एक टेंट हाउस संचालक ने बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम सोनतलाई निवासी टेंट हाउस व्यापारी बृजमोहन यादव की शिकायत पर माखननगर थाने में कांग्रेस नेता मिलन डेरिया और उनके बेटे अमन डेरिया के खिलाफ मारपीट और बंधक बनाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह मामला सामने आने के बाद सूबे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
उधारी बनी विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार पूरा मामला उधारी के पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है। बृजमोहन यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि वह टेंट हाउस का व्यवसाय करता है और अमन डेरिया ने उसके खिलाफ चेक बाउंस का केस लगाया था। इस मामले में 6 मार्च 2026 को नर्मदापुरम न्यायालय में पेशी थी। वहीं समर्थ डेरिया से मुलाकात हुई, जिसने उसे समझौते के लिए माखन नगर स्थित दुकान पर आने को कहा था
बंधक बनाकर की मारपीट
शिकायतकर्ता ब्रजमोहन यादव के अनुसार 10 मार्च की रात करीब 8 बजे वह अमन डेरिया की दुकान पर पहुंचा तो वहां करीब 1 लाख रुपए का हिसाब बताया गया। बृजमोहन यादव ने कहा कि वह 60 हजार रुपए पर 2.5 प्रतिशत के हिसाब से ढाई साल का ब्याज देने के लिए तैयार है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। ब्रजमोहन यादव का आरोप है कि अमन डेरिया ने उसे गालियां देना शुरू कर दीं। इसके बाद मिलन डेरिया ने दुकान का गेट बंद कर दिया और उसके हाथ पकड़ लिए। एफआईआर के मुताबिक अमन डेरिया ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसे दुकान के अंदर नीचे पटक दिया। इसके बाद लात-घूंसों से भी मारपीट की गई। बाद में उसे मारपीट कर दुकान से बाहर निकाल दिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद बृजमोहन यादव रात में ही माखननगर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि शिकायत के आधार पर अमन डेरिया और मिलन डेरिया के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
