इटारसी। भारतीय जनता पार्टी में पदों को लेकर गुटबाजी की खबरें अक्सर आम होती हैं मगर अब गुटबाजी का यह वायरस भाजपा के आनुषांगिक संगठनों में भी फैल गया है।इसका प्रमाण बीती रात उस समय सामने आया जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो गुटों में विवाद हो गया। इस विवाद और मारपीट के बाद एक पक्ष के कुछ युवकों पीआर मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार बीती रात नगर मंडल में भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष पद पर नियुक्ति से नाराज अध्यक्ष पद के एक अन्य दावेदार ने अपने साथियों के साथ नवनियुक्त अध्यक्ष की पिटाई कर दी। मामला पुलिस थाने पहुंचा और मारपीट करने वालों तीन युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज हुई है। टीआई रामस्नेही चौहान के अनुसार तीन के खिलाफ नामजद शिकायत है व अन्य भी आरोपी हैं। मामला भाजपा के ही दो गुटों के बीच का बताया जा रहा है। जाहिर है, पार्टी में गुटबाजी अब सड़क पर आ रही है। देर रात तक पुलिस थाने में दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे और आखिरकार किसी प्रकार का समझौता नहीं होने पर पुलिस थाने में पीड़ित पक्ष ने मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। यह है मामला भारतीय जनता युवा मोर्चा में नगर अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर युवाओ में मारपीट की घटना हुई है। नवनियुक्त नगराध्यक्ष अभिषेक निर्मल के साथ मारपीट के आरोप में युवा नेता कुलदीप रघुवंशी, गोपाला मालवीय, दुर्गेश बघेल और उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। झगड़ा मालवीयगंज में आरएमएस कॉलोनी चौराहा पर रात करीब पौने बारह बजे हुआ है। झगड़े के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष अभिषेक के साथ रात 1 बजे भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपक महालहा, पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप रावत, सभापति राकेश जाधव समेत भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जोगिंदर सिंह समेत कई युवा नेता थाने पहुंचे। पहले तो पुलिस ने एफआईआर करने में आनाकानी की मगर जब थाने में मौजूद भाजपा के दूसरे गुट ने दबाव बनाया तब जाकर टीआई ने सुबह करीब 4 बजे अभिषेक निर्मल की रिपोर्ट पर कुलदीप रघुवंशी, गोपाला मालवीय, दुर्गेश व अन्य के खिलाफ धारा 341,294, 323, 506 के तहत केस दर्ज किया। इस मामले में युवा नेता कुलदीप रघुवंशी ने कहा कि उन पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने किसी के साथ कोई मारपीट नही की है।