पिपरिया के कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे में ठनी, कांग्रेस संगठन ने सिटी थाने में महेश पटेल के खिलाफ की शिकायत…

कांग्रेस जिलाध्यक्ष देंगे महेश पटेल को मानहानि का नोटिस

इटारसी। पिपरिया क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल पिछले कई महीनों से नर्मदापुरम कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत पांडेय के खिलाफ सोशल मीडिया पर मोर्चा खोले हुए थे। वे जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे थे और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट भी करते आ रहे थे। लंबे समय से कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल की उन हरकतों को अनदेखा करते आ रहे थे जिसके चलते कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल की बयानबाजी मर्यादाओं को पार कर रही थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे के लिए लगातार बढ़ रही अमर्यादित टिप्पणियों को आखिरकार जिला कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने गंभीरता से लेते हुए महेश पटेल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। निष्कासन की कार्रवाई के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे के साथ कई पार्टी पदाधिकारी महेश पटेल के खिलाफ एफआईआर कराने सिटी थाने पहुंचे।

सिटी थाने में की लिखित शिकायत

पिपरिया के कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल के खिलाफ शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश है। सोमवार रात कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत पांडेय, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी इटारसी थाने पहुंचे। यहां महेश पटेल के खिलाफ लिखित शिकायत देकर सोशल मीडिया पोस्ट की जांच करते हुए उन पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। जितनी देर सिटी थाने में कांग्रेसी मौजूद रहे उतनी देर थाने में गहमागहमी बनी रही।

शिकायत के साथ सोशल मीडिया की बयानबाजी के प्रमाण दिए

कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडेय की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल ने शब्दों की मर्यादा छोड़ दी है। वे अपने फेसबुक अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक, अपमानजनक, भ्रामक और उकसाने वाली सामग्री पोस्ट कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि पोस्ट में जिलाध्यक्ष, उनके परिवार और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए और कथित तौर पर अपमानजक शब्दों का प्रयोग किया गया है। शिकायत के साथ सोशल मीडिया पर की गई अपमानजक बयानबाजी के प्रमाण भी संलग्न किए गए हैं।

कई महीनों के स्क्रीनशॉट और यूआरएल पुलिस को दिए

शिकायतकर्ता कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे ने महेश पटेल की संबंधित फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट, यूआरएल, दिनांक-समय का विवरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराये हैं।  पुलिस ने शिकायत के साथ दी गई सोशल मीडिया सामग्री को सुरक्षित अपने अधिपत्य में रखकर जांच करने की बात कही है। पुलिस ने जांच के बाद अपराध सिद्ध पाए जाने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

50 करोड़ की मानहानि का नोटिस देंगें जिलाध्यक्ष

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत पांडेय गुड्डन ने कहा कि महेश पटेल द्वारा लंबे समय से सोशल मीडिया पर लगातार उनकी और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। वे शब्दों की मर्यादाओं को ताक पर रखकर अनर्गल टिप्पणी करते रहे है। पहले उन्होंने इसकी अनदेखी की मगर जब पानी सिर से ऊपर हो गया तो उन्हें इसके खिलाफ कदम उठाना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस मामले में 50 करोड़ रुपए की मानहानि का नोटिस महेश पटेल को जारी करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
इनका कहना है

पिपरिया के कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल को नर्मदापुरम कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे को लेकर लंबे समय से सोशल मीडिया पर की जा रही अमर्यादित बयानबाजी के चलते कांग्रेस से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है।

अनिल रैकवार, जिला प्रवक्ता कांग्रेस

जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे और उनके परिवार के संदर्भ में सोशल मीडिया पर की जा रही अमर्यादित बयानबाजी के विरोध में सिटी थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रमाण के साथ शिकायत दर्ज करने का आवेदन दिया है। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

कन्हैया गोस्वामी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष इटारसी

हम पिछले कई महीनों से कांग्रेस कार्यकर्ता महेश पटेल की बयानबाजी को अनदेखा कर रहे थे मगर वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। हमने कांग्रेस संगठन के अन्य साथियों के साथ सिटी थाने में उनके द्वारा की गई टिप्पणियों को प्रमाण के साथ दिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हम उन्हें हमारी और परिवार की छवि खराब करने पर 50 करोड़ का मानहानि का नोटिस भी भेज रहे हैं

गुड्डन पांडे, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

Leave a Reply